मृत युवक समेत 13 नए कोरोना पॉजिटिव, संख्या हुई 198
पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को रुधौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के लेवल-वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कराया गया है। यही नहीं मंगलवार को विभिन्न सेंटरों पर भर्ती पॉजिटिव चार मरीजों की दूसरी रिपोर्ट फिर से पॉजिटिव आई है।
बस्ती : जिले में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से आई 50 की रिपोर्ट में 37 निगेटिव, जबकि 13 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें 27 मई को भानपुर सीएचसी में आए एक प्रवासी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी, मृतक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
15 दिन पूर्व मृतक रंजीत (23) पुत्र बेचन निवासी भानपुर बाजार मुंबई से दोस्तों के साथ आया था। उसके परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में ही रहते हैं। 21 मई को तबीयत बिगड़ी तो वह सीएचसी पर जांच कराने पहुंचा था। 27 मई को तबीयत और बिगड़ी, परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां उसकी मृत्यु हो गई। कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 198 पहुंच गई है, जबकि सक्रिय मरीज 149 हो गए हैं। अब तक 43 स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। मरने वालों की संख्या अब छह हो गई है। संक्रमित सभी प्रवासी मजदूर हैं। कुछ दिन पहले से क्वारंटाइन थे तो कुछ होम क्वारंटाइन थे। जिले में फिलहाल तीन स्थलों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को रुधौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के लेवल-वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कराया गया है। यही नहीं मंगलवार को विभिन्न सेंटरों पर भर्ती पॉजिटिव चार मरीजों की दूसरी रिपोर्ट फिर से पॉजिटिव आई है। उक्त की पुष्टि एसीएमओ डा. फखरेयार हुसैन ने की है। उन्होंने बताया कि 383 की रिपोर्ट प्रतीक्षारत है।