Youtube Platform : पीएम के आत्मनिर्भर अभियान को पीलीभीत जेल के बंदियों ने दी आवाज, गीत को यूट्यूृब पर किया अपलोड Pilibhit News
जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को व्यापक बनाने और इसके प्रति जन जागरूकता को बढ़ाने के लिए गीत की रचना की और फिर इसे गाया।
पीलीभीत, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर अभियान के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जेल में निरुद्ध बंदियों ने अनोखी शुरुआत की है। जिसके लिए उन्होंने यूट्यूब का प्लेटफार्म चुना है। आत्मनिर्भर अभियान को गति देने के लिए एक गीत तैयार किया गया है। जिसे पीलीभीत के बंदियों ने अपनी आवाज दी है। जिसके बाद जिला कारागार अधीक्षक के निर्देशन में रिकार्ड किए गए इस गीत को यू ट्यूब चैनल में अपलोड कर दिया दिया गया है।
जेल में रचा गया गीत
खास बात ये है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का यह गीत जेल में ही रचा गया है। जिसे जिला कारागार के अधीक्षक अनूप मानव शास्त्री के निर्देशन में बंदियों ने तैयार किया है। इस गीत की रचना अनुपंम नाम के बंदी ने की है। और बंदी देवेंद्र ने गीत को अपना स्वर दिया है। जिसके बाद तैयार हुए इस गीत को जिला कारागार अधीक्षक ने अपने यू ट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया है।
हिट हो चुका है चिडियों का संदेश
जिला कारागार अधीक्षक के निर्देशन में पीलीभीत के बंदियों ने नया कीर्तिमान गढ दिया है। कारागार अधीक्षक अनूप मानव शास्त्री पहले ही चिडियों के संदेश नामक गीत तैयार कर चुके है। जिसे उन्होंने यू ट्यूब पर अपने चैनल पर अपलोड किया था। जो काफी लोकप्रिय हुआ। जिसके बाद इस गीत के भी लोकप्रिय और लोगों को जागरुक करने की संभावनाएं अधिक नजर आ रही है। हांलाकि इस गीत को भी रिस्पांस मिलने लगा है।