शाहजहांपुर में रास्ता निकास को लेकर युवक को मारी गोली, घायल
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रास्ता निकास को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जहां पथराव व फायरिंग शुरू हो गई। वहीं गोली लगने से एक युवक घायल हो गया।
शाहजहांपुर, जेएनएनएन। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रास्ता निकास को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जहां पथराव व फायरिंग शुरू हो गई। वहीं गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
निगोही क्षेत्र के मिल्किया गांव में पास के गांव खिरिया निवासी कल्लू ने कुछ दिन पूर्व जमीन खरीदी थी, जिस पर वह दुकान बनवा रहा है। सोमवार को गांव के घुरई ने अपने घर का निकास बंद होने की बात कहते हुए आपत्ति जताई। उसने गांव में ही रह रहे अपने समधी व कल्लू के दोस्त अमर सिंह से निर्माण रुकवाने के लिए कहा, लेकिन अमर सिंह ने कल्लू का ही पक्ष लिया। जिस पर वहां विवाद होने लगा।
दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद पथराव व फायरिंग होने लगी। अमर सिंह के पक्ष से गांव के ही पर्वत की जांघ में गोली लग गई जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह ने बताया कि तहरीर का इंतजार कर रहे हैं। उसके आधार पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।