महिला गई थी रिश्तेदार के यहां, सूनसान मकान पाकर चोरों ने कर लिया हाथ साफ
सिविल लाइंस में चोरी को अंजाम देकर जा रहे चोर को सुभाषनगर पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान बदायूं रोड बालाजी मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे चोरी का माल भी बरामद कर लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
बरेली, जेएनएन। सिविल लाइंस में चोरी को अंजाम देकर जा रहे चोर को सुभाषनगर पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान बदायूं रोड बालाजी मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे चोरी का माल भी बरामद कर लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। रविवार को सुभाषनगर पुलिस ने आरोपित चोर नन्हें निवासी अखा बिशारतगंज को जेल भेज दिया। सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी अम्बर कुमार ने बताया कि वह गाजियाबाद में रहते हैं। सिविल लाइंस स्थित मकान में मां रंजना सक्सेना रहती है। 12 फरवरी को मां घर में ताला डालकर कानपुर रिश्तेदार के यहां गई थी। उसी दौरान चोरों ने ताला तोड़कर नकदी, जेवर समेत दो एलइडी चोरी कर ली थी। रविवार सुबह वह घर पहुंचे तो ताला टूटा देख चोरी की जानकारी हुई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।इधर सुभाष नगर पुलिस ने जानकारी होने पर चोर को धर दबोचा। इसके बाद चोर के पास चोरी किया गया सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया।