Protest : शाहजहांपुर में आबादी के पास डंपिग ग्राउंड बनाने के विरोध में ग्रामीणों ने शुरू किया सत्याग्रह आंदोलन
आबादी के पास सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने सत्याग्रह शुरू कर दिया। भारतीय कृषक दल प्रधान संघ तथा भारतीय किसान यूनियन ने विरोध किया।
शाहजहांपुर, जेएनएन : आबादी के पास सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने सत्याग्रह शुरू कर दिया। भारतीय कृषक दल, प्रधान संघ तथा भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देते हुए आबादी से दूर कचरा डलाव घर बनाए जाने की मांग की।
मामला है तिलहर तहसील के गांव बंधी चक का। जहां नगर पालिका ने सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए हाल ही में 14 बीघा जमीन खरीदी। मैदान की बाउंड्रीवाल बनने पर जब ग्रामीणों पर भनक लगी तो सभी ने सत्याग्रह शुरू कर दिया। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय महासचिव व जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव जनसेवक ने बताया कि शासनादेश का उल्लंघन कर बनाया जा रहा कचरा डलाव घर जब तक तिलहर नगर पालिका प्रशासन गांव के पास से नहीं हटवाएगा सत्याग्रह जारी रहेगा। प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष झब्बू सिंह यादव समेत दर्जन भर प्रधानों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। जिला पंचायत सदस्य महावीर सिंह यादव, भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव रासिराम वर्मा ने भी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। महेश यादव, रामप्रताप गंगवार व धीरेंद्र सिंह यादव, चौधरी सत्येंद्र सिंह, आचार्य छोटे सिंह ने भी कचरा डलाव स्थल को हटाए जाने की मांग की है।
एसडीएम को लौटाया
एसडीएम वेद सिंह चौहान भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बातचीत की पेशकश की। लेकिन आंदोलनकारियों ने बातचीत से मना कर दिया।
क्या बोले अधिकारी
सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट शासनादेश के मुताबिक बन रहा है। ग्रामीणों का विरोध अनुचित है। इस प्लांट से कोई प्रदूषण भी नहीं होगा। वहां कचरे से जैविक खाद बनेगी। जिसकी बिक्री की जाएगी।
वेद सिंह चौहान, एसडीएम तिलहर