बहनोई शाजिद के साथ फरार है उवैश
देवरनिया के गांव में युवती से जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने का आरोपित उवैश बहनोई शाजिद के साथ फरार है। उवैश ने फोन से जब बहनोई से बात की तो सर्विलांस से उसकी लोकेशन भोजीपुरा के बिलवापुर गांव में मिली। यहीं पर बहनोई का घर है।
बरेली, जेएनएन : देवरनिया के गांव में युवती से जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने का आरोपित उवैश बहनोई शाजिद के साथ फरार है। उवैश ने फोन से जब बहनोई से बात की तो सर्विलांस से उसकी लोकेशन भोजीपुरा के बिलवापुर गांव में मिली। यहीं पर बहनोई का घर है। जब पुलिस ने यहां पर दबिश दी तो आरोपित बहनोई के साथ फरार हो गया। घर में सिर्फ महिलाएं थीं। उवैश के पांच बहनोई हैं। वह जिस बहनोई के साथ फरार है, वह पांचवे नंबर का है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद से उवैश ने अपने सभी बहनोई से मदद मांगी थी। सभी ने हाथ खड़े कर दिए। जैसे-तैसे पांचवे नंबर का बहनोई शाजिद माना, जिसके बाद आरोपित उनके घर पहुंचा। मुकदमा दर्ज होने बाद से वह यहीं रुका और फोन बंद रखा। शाजिद ने चारों साढू को इस बात की जानकारी दी। साढू ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इधर, पूछताछ के लिए सोमवार को पुलिस ने देवरनिया के साथ-साथ बीसलपुर, नवाबगंज, बहेड़ी, शीशगढ़ से रिश्तेदारों को उठाया था जिसमें चारों बहनोई भी शामिल थे। तभी सभी ने जानकारी दी कि उवैश शाजिद के संपर्क में है। सर्विलांस से उवैश की शाजिद के साथ बातचीत की पुष्टि भी हुई। आनन-फानन में पुलिस ने दबिश दी लेकिन, उवैश बहनोई के साथ फरार हो गया। यह है मामला
उवैश पर गांव की ही एक युवती पर जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने का आरोप है। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित उवैश पर 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। नए कानून के तहत मुकदमा दर्ज होने वाला प्रदेश का यह पहला मामला था। जीजा..हमारा क्या होगा
मुकदमा दर्ज होने के बाद ही उवैश अपने किए पर पछतावा जताने लगा। मुकदमे से इस कदर डर गया कि उसने हर बहनोई को फोन कर कहा कि जीजा..बचा लीजिए। अब हमारा क्या होगा? हम कहां जाएंगे? मामला गंभीर होने पर जब किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो उवैश सभी से फोन पर गिड़गिड़ाया, लेकिन चार का दिल न पसीजा। पांचवे का दिल पसीजा तो पुलिस के डर से उसे भी आरोपित के साथ भागना पड़ा। यह जानकारी हिरासत में लिए गए बहनोई ने पुलिस को दी। उवैश की लोकेशन भोजीपुरा के बिलवापुर गांव में मिली थी। दबिश से पहले ही वह फरार हो गया, उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
- संसार सिंह, प्रभारी एसएसपी एवं एसपी देहात