UP Roadways News : होली पर रोडवेज हुआ मालामाल, बरेली रीजन की कमाई जानकर रह जाएंगे हैरान
रोडवेज के लिए इस बार यह होली का पर्व कमाई के लिहाज से अच्छा रहा है। मुख्यालय के निर्देश पर 25 मार्च से तीन अप्रैल तक त्योहार स्पेशल बसों का संचालन किया गया। 10 दिन में रोडवेज ने कुल 7.64 लाख यात्रियों ने बरेली रीजन की बसों से सफर किया।
बरेली, जेएनएन। रोडवेज के लिए इस बार यह होली का पर्व कमाई के लिहाज से अच्छा रहा है। मुख्यालय के निर्देश पर 25 मार्च से तीन अप्रैल तक त्योहार स्पेशल बसों का संचालन किया गया। 10 दिन में रोडवेज ने कुल 7.64 लाख यात्रियों ने बरेली रीजन की बसों से सफर किया। बता दें कि पहली बार रीजन की सभी 680 बसों का एक साथ संचालन प्रतिदिन किया गया। जिसमें कई बसों ने एक दिन में एक से अधिक फेरे भी लगाए।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि 10 दिनों में सबसे कम यात्री केवल होली वाले दिन ही केवल 23 हजार के आसपास रहे। जबकि अन्य दिनों यह संख्या 80 हजार के पार रही। पूरी क्षमता व पर्याप्त सवारी के मिलने से रोडवेज की आय में भी बढ़ोत्तरी हुई है। त्योहार स्पेशल के दौरान 10 दिन में रीजन ने नौ करोड़ 39 लाख से अधिक की कमाई की है। जबकि पिछले वर्ष होली में यह कमाई नौ करोड़ 37 लाख थी।
बरेली छोड़ अन्य तीनों को कारण बताओं नोटिस
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बरेली डिपो ने ही सबसे अधिक आय करके रीजन की आय बढ़ाने में सहयोग किया है। जबकि रुहेलखंड डिपो ने पांच लाख कम, बदायूं डिपो ने सात लाख, पीलीभीत डिपो ने पांच लाख कम इनकम दी है। जिस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने तीनों डिपो के एआरएम को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब तलब किया है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दो लाख से अधिक की आय निगम को हुई है। 10 दिन में रीजन की सभी 680 बसों को सड़क पर उतारा गया था। जिससे इस बार साढ़े सात लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया। - आरके त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज