यूपी पुलिस के दारोगा के घर में घुसकर विवाहित बेटी से दुष्कर्म, पति से विवाद के कारण 12 साल से मायके में रह रही बेटी
Misdeed in Bareilly दारोगा के घर में घुसकर युवक ने विवाहित बेटी से दुष्कर्म किया। पीड़िता पति से विवाद के बाद पिछले करीब 12 साल से अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। करीब पंद्रह दिन पुराने मामले में अब पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
बरेली, जेएनएन। Misdeed in Bareilly : सुभाष नगर थाना क्षेत्र में दारोगा के घर में घुसकर एक युवक ने विवाहित बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता पति से विवाद के बाद पिछले करीब 12 साल से अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। करीब पंद्रह दिन पुराने मामले में अब पीड़िता ने आरोपित युवक के खिलाफ सुभाष नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता की ओर से दी शिकायत के मुताबिक जनवरी 2007 में शादी के कुछ समय बाद ही पति से विवाद हो गया था। इसके बाद वह पिछले करीब 12 साल से पिता के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित घर में रह रही है। बेटी भी साथ रहती है।
दारोगा पिता की तैनाती दूसरे जनपद में है। करीब पंद्रह दिन पहले करगैना बाजार के पास रहने वाला युवक उसके घर घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान घर के सभी सदस्य मुहल्ले की शादी में शामिल होने गए थे। विरोध के बावजूद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़िता के मुताबिक धमकी से डरकर उसने कुछ नहीं बताया, लेकिन परेशान देखकर मां ने पूछा तो आपबीती सुनाई। इसके बाद महिला के माता-पिता के साथ ने सुभाषनगर थाने में आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
शादी के छह माह बाद विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप : शादी के छह माह बाद विवाहिता की मौत हो गई। स्वजन ने महिला के ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इज्जतनगर पुलिस ने महिला के पति समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।फतेहगंज पश्चिमी की नई बस्ती निवासी पप्पू राठौर की बेटी किरन की शादी 12 जुलाई 2021 को इज्जतनगर के मठलक्ष्मीपुर निवासी आटो चालक ललित राठौर से की थी। रिश्तेदारों से उधार लेकर एक लाख नगद, एक बाइक और अन्य सामान दिया था। इसके बाद भी दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
किरन ने मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे ललित राठौर व उसके परिजन किरन को बेसुध हालत में आटो से कहीं ले जा रहे थे। कहीं से सूचना मिलने पर स्वजन पुलिस को लेकर आरोपितों तक पहुंचे। जांच में पता चला कि किरन की मौत हो चुकी है। पुलिस ने मृतक महिला के मायके पक्ष की तहरीर पर आरोपित पति ललित राठौर, ससुर रामदर्शन, सास उर्मिला व देवर राकेश के खिलाफ दहेज प्रथा व दहेज हत्या समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।