UP Election 2022 : बरेली के पोलिंग बूथों पर आवंटित की गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनें, दूसरे चरण में है मतदान
UP Election 2022 विधानसभा चुनाव कराने के लिए अधिकारी खासे सक्रिय हैं। रविवार को अवकाश के दिन जिले के सभी पोलिंग बूथ पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का आवंटन किया गया। जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के बूथों पर मशीनें निर्धारित कर दी गई।

बरेली, जेएनएन। UP Election 2022 : विधानसभा चुनाव कराने के लिए अधिकारी खासे सक्रिय हैं। रविवार को अवकाश के दिन जिले के सभी पोलिंग बूथ पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का आवंटन किया गया। जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के बूथों पर मशीनें निर्धारित कर दी गई।
जिले में 14 फरवरी को मतदान होना है। मतदान कराने के लिए प्रशासन ने 3791 पोलिंग बूथ बनाए हैं। अगर किसी बूथ पर ज्यादा मतदाता होंगे तो वहां सहायक बूथ बनाकर भी चुनाव कराने की तैयारी प्रशासन ने की है। इसके साथ ही जिले में संवेदनशील बूथों की संख्या 1359 है। इनमें से 50 फीसद पोलिंग बूथों पर वेब कास्टिंग भी कराई जाएगी। सभी बूथों पर किस इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और किसी वोटर वेरीफाइबल पेपर आडिट ट्रायल (वीवीपैट) मशीन लगाई जानी है, रविवार को अधिकारियों ने इसका रेंडमाइजेशन कर लिया।
उन्होंने सभी बूथों पर मशीनें आवंटित कर दी है। किसी भी व्यवधान से बचने के लिए करीब 120 प्रतिशत ईवीएम और 130 प्रतिशत वीवीपैट मशीनों का रविवार को रेंडमाइजेशन हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि चुनाव कराने के लिए मशीनों का रेंडमाइजेशन करा दिया गया है। सभी पोलिंग बूथ के लिए पर्याप्त मशीनों का निर्धारण हो गया है।
Edited By Ravi Mishra