शाहजहांपुर पहुंचे जेपी नड्डा के निशाने पर रहे अखिलेश यादव, कहा- आतंकियों की पैरवी करने वालों का करें विरोध
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 नड्डा शुक्रवार को शहर के गांधी भवन में भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि रक्षक जब भक्षक बन जाए तो उसे कभी सत्ता में नहीं आना चाहिए। ऐसे लोगों को टिकट क्यों दे रहे जो सजाफ्ता हैं।
बरेली, जेएनएन। शुक्रवार को शाहजहांपुर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदल दी। उनके मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया। पूर्व मुख्यमंंत्री अखिलेश यादव का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने रामपुर में सीआरपीएफ कैंप हमले के आतंकियों के मुकदमे वापस लेने की सिफारिश की। इसलिए जनता को चाहिए कि आतंकियों की पैरवी करने वालों को सत्ता सौंपने की बजाय उनका विरोध करें।
नड्डा शुक्रवार को शहर के गांधी भवन में भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि रक्षक जब भक्षक बन जाए तो उसे कभी सत्ता में नहीं आना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि आखिर क्या मजबूरी है कि ऐसे लोगों को टिकट दे रहे जो सजाफ्ता हैं। जेल में सजा काट रहे हैं। हर तरह के केस उन पर हैं। नड्डा ने कहा कि ऐसा करना उनकी मजबूरी है। क्योंकि दोस्ती छूटे नहीं छूटती। निभानी तो पड़ती है, लेकिन वह अपनी दोस्ती निभाएं। प्रदेश की जनता अपराधियों से दोस्ती नहीं निभाएगी। बोले सपा सरकार में समर्थक बेरोजगार थे। उन्हें थाने व तहसीलें बांटी जाती थीं। अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि जिसने देश का विभाजन किया वह 21वीं सदी में भी उन्हें क्यों याद आता है। जबकि देश को अखंड बनाने वाले सरदार पटेल का नाम तक नहीं लेते। ऐसे लोग आज भी देश का विभाजन करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री मिलकर प्रदेश की तस्वीर बदल रहे हैं। इसलिए बदला चाहने वालों को आराम व तस्वीर बदलने वालों को काम दीजिए। इससे पहले नड्डा ने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में डोर -टू-डोर वोट भी मांगे।