चुनाव आयोग इस एप पर क्लिक करते ही सामने हाेगा प्रत्याशियाें का काला चिट्ठा, पता चलेगी हकीकत
UP Vidhansabha Chunav 2022 सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चुनाव आयोग की नई व्यवस्था से प्रत्याशियों का अब असली चेहरा उनके आपराधिक कारनामों के साथ जनता के सामने होगा।अपने प्रत्याशी का आपराधिक रिकार्ड जानने के लिए एक एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद सारी जानकारी आपके सामने होगी।
बरेली, जेएनएन। UP Vidhansabha Chunav 2022 : विधानसभा चुनाव में इस बार जनता के सामने उनके क्षेत्र से खड़े होने वाले प्रत्याशियों का कच्चा-चिट्ठा आसानी से आ जाएगा। चुनाव आयोग ने केवाईसी एप की सुविधा लोगों को उपलब्ध कराई है। इस एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने क्षेत्र के प्रत्याशी के बारे में पूरी जानकारी पा सकेगा। नामांकन के दिन से यह व्यवस्था प्रभावी होगी।
जिले में भाजपा ने सभी नौ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस और बसपा भी कुछ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर पाई है। समाजवादी पार्टी ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। भाजपा की बात करें तो उन्होंने पांच डाक्टरों को इस बार टिकट दिया है। कुछ समय पहले सुप्रीम कोर्ट ने प्रत्याशियों के आपराधिक रिकार्ड होने या नहीं होने, उसकी सूचना भी जनता को दिए जाने के आदेश चुनाव आयोग को दिए थे।
इसके बाद चुनाव आयोग ने केवाईसी (नो यूअर केंडीडेट) यानी अपने प्रत्याशी के बारे में जाने एप जारी किया है। इस एप में पहले व्यक्ति को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। फिर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के किसी भी पार्टी के प्रत्याशी के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इसमें प्रत्याशी का आपराधिक इतिहास है या नहीं, कितने मुकदमे दर्ज हैं आदि जानकारी मिल सकेंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही एप भी प्रभावी हो जाएगा।