UP Board Topper 2020: यूपी की मेरिट में दसवां स्थान हासिल करने वाला अरशद, डॉक्टर बन करना चाहता है देश की सेवा
यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में दसवां स्थान हॉसिल कर बरेली मंडल का नाम रोशन करने वाले छात्र अरशद इकबाल सिद्दीकी डॉक्टर बन देश की सेवा करना चाहते हैं।
शाहजहांपुर, जेएनएन। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में दसवां स्थान हॉसिल कर बरेली मंडल का नाम रोशन करने वाले छात्र अरशद इकबाल सिद्दीकी डॉक्टर बन देश की सेवा करना चाहते हैं। अरशद ने यह मुकाम प्रतिदिन छह घंटे की पढ़ाई कर हासिल किया है।
इस्लामगंज प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक व अल्हागंज के मोहल्ला पीरगंज में रहने वाले इकबाल सिद्दीकी के पुत्र अरशद ने 563 अंक प्राप्त कर प्रदेश की सूची में नाम दर्ज कराया है। अरशद का कहना है कि उन्होंने प्रतिदिन 6 घंटे की पढ़ाई कर ये सफलता अर्जित की है। अरशद अपनी सफलता का श्रेय माता पिता के साथ गुरुजनों को दिया हैं।
प्रधानाध्यापक प्रमोद मिश्रा ने बताया अरशद शुरू से ही मेधावी रहा है। स्कूल समय के अलावा भी वह एक से दो घंटे विद्यालय में रुक कर पढ़ाई करता था। उसी का परिणाम है कि अरशद को यह सफलता मिली है।
अरशद ने हिंदी में 93, अंग्रेजी में 97, गणित में 96, साइंस में 99, सामाजिक विज्ञान में 86 तथा ड्राइंग में 92 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है । पंडित राम नाथ मिश्र इंटर कॉलेज के छात्र अरशद की सफलता पर जिला विद्यालय निरीक्षक शौकीन सिंह यादव ने भी प्रसन्नता जाहिर की है।
बहन भी रह चुकी टॉपर
अरशद इकबाल की बहन शगुफ्ता शाहीन ने भी हाई स्कूल परीक्षा में जनपद में चौथा स्थान, इंटर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। अब वह स्नातक साइंस की छात्रा है। अरशद के छोटे भाई अफजल इक़बाल ने भी 86.6 फीसद अंको से हाईस्कूल की परीक्षा पास की है।