मीडियाकर्मियों के सवाल पर बिफरे सपा में शामिल हुए भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा, वीडियो वायरल
वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से यह खासी चर्चा में आ गया है। हालांकि विधायक रोशन लाल वर्मा ने वीडियो में एडिटिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मीडिया का हमेशा सम्मान किया है। जो लोग आए थे उन्हें वह नहीं जानते थे।
बरेली, जेएनएन। भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए शाहजहांंपुर के तिलहर से विधायक रोशनलाल वर्मा का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह कुछ मीडियाकर्मियों के सवाल पूछने पर नाराज हो रहे हैं। उन्हें भाजपा का एजेंट बता रहे हैं। यह वीडियो कुछ दिन पूर्व का बताया जा रहा है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से यह खासी चर्चा में आ गया है। हालांकि विधायक रोशन लाल वर्मा ने वीडियो में एडिटिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मीडिया का हमेशा सम्मान किया है। जो लोग आए थे उन्हें वह नहीं जानते थे। वे लोग लगातार भाजपा के आरोपों पर बात कर रहे थे। उस पर उन्होंने जाे पूरा जवाब दिया उसे दिखाने की बजाय एडिट कर वायरल कर दिया गया। रविवार देर शाम इसी विधानसभा क्षेत्र का एक आडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें काल करने वाला व्यक्ति दूसरे को भाजपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय जाने पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। उसे आजीवन कारावास की सजा कराने की धमकी दे रहा है। हालांकि आडियो के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
कई सपाइयों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता: तिलहर विधानसभा में सपा के विधानसभा प्रभारी रहे राजीव वर्मा समेत कई अन्य नेताओं ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सपा डूबता हुआ जहाज बन गई है। बोले तिलहर से सपा के जिन प्रत्याशी ने उन्हें अपनी विधानसभा से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उनका अहंकार भाजपा कार्यकर्ता व वहां की जनता तोड़ेगी। खन्ना रविवार को पार्टी कार्यालय पर बैठक में बोल रहे थे। खन्ना ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी किसी को चुनौती नहीं दी, लेकिन अगर किसी ने चुनौती दी है तो उसकी चुनौती को स्वीकार भी किया है और उसका मुकम्मल जवाब भी दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा तिलहर क्षेत्र में जितने भी काम हुए हैं वह सब प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने कराए। इससे पहले राजीव वर्मा, हरिश्चंद्र वर्मा, अजयपाल सिंह सफौरा, राममौतार वर्मा, रामनाथ वर्मा, मुन्ना वर्मा, कृष्णपाल धोबी, सुधाकर तिवारी, मनेंद्र उर्फ कल्लू, आशीष, कलीम खान, शकील खान आदि ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।