रुहेलखंड में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, इस समाज के लोगोंं में है खासा प्रभाव
UP Assembly Election 2022 मिशन 2022 को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तुरुप के पत्ताें को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। कोरोना महामारी के चलते चुनावी जनसभाएं और रैलियां तो नहीं हो पा रही हैं।
बरेली, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 मिशन 2022 को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तुरुप के पत्ताें को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। कोरोना महामारी के चलते चुनावी जनसभाएं और रैलियां तो नहीं हो पा रही हैं, लेकिन स्टार प्रचारकों को बुलाकर माहौल अपने पक्ष में कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रुहेलखंड मंडल के जिलों में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा का पिछड़ा वर्ग के वोटरों में अच्छा प्रभाव है। जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में इनका कार्यक्रम लगवाने की तैयारी कर ली गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के साथ लंबे समय तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोधी समाज के बीच काम कर चुके बीएल वर्मा केंद्र में सहकारिता राज्यमंत्री हैं। इस समय वह सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से जुड़े हुए हैं। चार दिन पहले प्रधानमंत्री ने खुद उन्हें बुलाकर राजनीतिक हालात पर चर्चा की थी। उसके बाद जारी हुए स्टार प्रचारकों की सूची में इनका नाम भी शामिल किया गया है। भाजपा में यहां वह क्षेत्रीय अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं, जबकि कल्याण सिंह की पार्टी राष्ट्रीय क्रांति दल में प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। रुहेलखंड मंडल ही नहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में उनका अपना प्रभाव भी है। पिछले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में यहां पार्टी का परचम लहराने में अग्रणी भूमिका निभा चुके हैं। पिछले दिनों स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़कर सपा में जाने के बाद पिछड़ा वर्ग के वोटरों को सहेजने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री को स्टार प्रचारक के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है। जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में उनका कार्यक्रम लगवाने की कार्ययोजना बनाई जा चुकी है। प्रत्याशियों के साथ वह जनसंपर्क अभियान में भी सहभागिता करेंगे।
पूरी ताकत से निभाएंगी जिम्मेदारी: इस संंबंध में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी है। जहां की भी जिम्मेदारी मिलेगी पूरी ताकत झाेंक कर पार्टी के प्रत्याशी को विधानसभा तक पहुंचाएंगे। बदायूं समेत रुहेलखंड मंडल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में वर्षों से काम करते आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से राजनीतिक हालात पर विस्तृत चर्चा भी हुई है। अपने जिले से खास लगाव है, इसलिए हर तरह से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए प्रयास कर रहे हैं और लगातार करते रहेंगे।