फर्नीचर कारोबारी की पत्नी ने फंदे से लटकर दी जान
दो अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
जेएनएन, बरेली : घर की चहारदीवारी के भीतर मामूली बातों पर मनमुटाव और फिर झगड़ों में बात ऐसी बिगड़ी कि शहर के दो अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी जिंदगी ही खत्म कर ली। कोतवाली के सिकलापुर में एक फर्नीचर कारोबारी की पत्नी ने फंदे पर लटककर जान दे दी। इज्जत नगर की बीडीए कॉलोनी में नगर पंचायत के सुरक्षाकर्मी की पत्नी ने फांसी लगा ली। घरों में मातम पसरा है तो पुलिस खुदकशी की वजहें तलाशने में जुटी है।
15 दिन पहले ही मनाई थी शादी की सालगिरह
इज्जत नगर के मुंशी नगर निवासी सचिन जायसवाल ने बहन रितु की शादी 12 वर्ष पहले कोतवाली क्षेत्र के बाग ब्रगटान निवासी विकास जायसवाल से की थी। विकास फर्नीचर कारोबारी है। दोनों के दो बच्चे हैं। गुरुवार तड़के सचिन को रितु के ससुराल से फोन पर खबर मिली कि उसकी बहन की मौत हो गई। आरोप है कि बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पति ने इन आरोपों से इन्कार किया। पति के मुताबिक दो बच्चों के बाद भी रितु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। अगस्त में उसने पत्नी को बीएड में एडमीशन दिलाया। 27 अगस्त को शादी की सालगिरह मनाने के लिए परिवार के साथ नोएडा गया। सब हंसी-खुशी चल रहा था। बुधवार रात सभी लोग खाना खाकर सो गए। सुबह जब नींद खुली तो रितु गायब थी। घर में ढूंढा तो दूसरे कमरे में उसका शव फंदे पर लटका था। रितु के भाई ने दहेज के लिए पति व सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया। फिलहाल ने मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पति से झगड़े के बाद फंदा लगाकर की खुदकशी
इज्जतनगर के बीडीए कॉलोनी निवासी उमेश सिंह नवाबगंज नगर पंचायत में सुरक्षाकर्मी हैं। पत्नी पूनम सिंह व तीन बच्चों के साथ रहते हैं। घरेलू कलह के चलते कभी-कभी पत्नी से झगड़ा हो जाता था। बुधवार रात को दोनों के बीच विवाद हुआ। फिर सुबह भी उसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा तो उमेश बाहर चला गया। गुस्से में आकर पूनम ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटका पाया। उमेश का कहना है कि पत्नी अक्सर खुदकशी करने की धमकी देती थी। इस दफा भी उसने धमकी दी, लेकिन वह ऐसा कदम उठा लेगी यह नहीं सोचा था।