बरेली में सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे पेड़ होंगे ट्रांसलोकेट, जानिये फुटपाथ के पेड़ों के साथ क्या किया जाएगा
Trees Translocate in Bareilly शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के बीच में आने वाले पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाएगा। इसके साथ ही राहगीरों की सुविधा के लिए वहां पेड़ लगाए भी जाएंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
बरेली, जेएनएन। Trees Translocate in Bareilly : शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के बीच में आने वाले पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाएगा। फुटपाथ पर लगे पेड़ों को नहीं हटाया जाएगा। इसके साथ ही राहगीरों की सुविधा के लिए वहां पेड़ लगाए भी जाएंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। चौड़ीकरण की राह में बिजली के पोल और कई पेड़ रुकावट बन रहे हैं। बिजली के पोल हटाने के साथ ही वहां लगे पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने की तैयारी की गई है। स्मार्ट सिटी कंपनी की टीम ने सभी सड़कों का सर्वे कर पेड़ों को चिह्नित कर लिया है। इसके साथ ही छोटे-बड़े करीब दो सौ पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने के लिए वन विभाग से वार्ता भी की है। इन पेड़ों को सीबीगंज के गांव गोकुलपुर गरगइया में निगम की भूमि पर ट्रांसलोकेट किया जाएगा।
फुटपाथ पर लगे पेड़ नहीं हटाएंगे, नए लगाएंगेः सड़कों को चौड़ा करने और नाला निर्माण के लिए खोदाई वाले स्थान के पेड़ों को ही ट्रांसलोकेट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जो पेड़ फुटपाथ में आएंगे उन्हें वही रहने दिया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक फुटपाथ पर नए पेड़ भी लगाए जाएंगे, जिससे राहगीरों को सुविधा रहेगी। भीषण गर्मी में पैदल चलने वाले वहां खड़े हो सकेंगे। शहर की सड़कें पेड़ों के साथ और अधिक आकर्षक दिखाई देंगी।
स्टेडियम रोड से हटेंगे 40 पेड़ः नगर निगम ईंट पजाया चौराहा से डेलापीर होते हुए आइवीआरआइ पुल तक सड़क का चौड़ीकरण करा रहा है। इस चौड़ीकरण में भी करीब 40 पेड़ बाधा बन रहे हैं। नगर निगम ने इन पेड़ों को भी ट्रांसलोकेट करने की तैयारी की है। वहां फुटपाथ पर छायादार पेड़ भी लगाए जाएंगे। बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर में जितनी भी सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, उनमें आने वाले पेड़ों को ट्रांसलोकेट कराने के लिए वन विभगा से बात हो गई है। फुटपाथ पर लगे किसी पेड़ों को नहीं हटाया जाएगा। वहां कई छायादार पेड़ लगाए जाएंगे।