बरेली : पार्किंग के विरोध में व्यापारियों ने किया हंगामा, नोकझोंक
शहर में सड़क किनारे बनाई गई पार्किंग के विरोध में मंगलवार को एक बार फिर व्यापारी इकट्ठे हो गए। उन्होंने पार्किंग पर लगे पोल व जंजीर उखाड़ी तो ठेकेदार के कर्मचारियों से नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने पहुंचकर उन्होंने शांत कराया।
बरेली, जेएनएन। शहर में सड़क किनारे बनाई गई पार्किंग के विरोध में मंगलवार को एक बार फिर व्यापारी इकट्ठे हो गए। उन्होंने पार्किंग पर लगे पोल व जंजीर उखाड़ी तो ठेकेदार के कर्मचारियों से नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने पहुंचकर उन्होंने शांत कराया। बाद में व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन देकर पार्किंग हटाने की मांग की। एलन क्लब के सामने धरना भी दिया।
व्यापारियों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी की सड़क पर नगर निगम द्वारा पार्किंग शुल्क वसूला जाना गलत है। अपने दुकान के आगे गाड़ी खड़ी करने पर व्यापारियों को भी शुल्क देना पड़ रहा है। उन्होंने टेंडर निरस्त करने की मांग की। पार्किंग पर लगे पोल व जंजीर हटाने पर ठेकेदार के कर्मचारियों से विरोध कर दिया। उनसे कहासुनी बढ़ गई। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। फिर व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर पार्किंग का विरोध किया। बाद में महापौर डॉ. उमेश गौतम से मिलकर शिकायत की।
उन्होंने व्यापारियों को बुधवार को आने के लिए कहा। विरोध करने वालों में राजेंद्र गुप्ता, शोभित सक्सेना, देवेंद्र जोशी, राजकुमार राजपूत, अमरजीत बख्शी, संजीव चांदना, दुर्गेश खटवानी, श्रीश गुप्ता, रामकृष्ण शुक्ला, दीपक द्विवेदी, विशाल मल्होत्रा समेत अन्य मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सड़क किनारे नगर निगम ने ही विकास कराया है। वहां पार्किंग के लिए निगम ने ठेका दिया है।