बदायूं में मां काे पिता की हत्या करते देख खाैफ से कांपा तीन साल का मासूम, दादी की निकली चीख ताे खुला ये राज
Murder in Badaun बदायूं में जीजा के इश्क में अंधी महिला ने अपने बहनोई और बहन के साथ मिलकर घर में ही पति को पीट पीटकर मार डाला। वारदात को अंजाम देकर बहन और बहनोई तो गुरुवार रात में ही फरार हो गए।
बरेली, जेएनएन। बदायूं में जीजा के इश्क में अंधी महिला ने अपने बहनोई और बहन के साथ मिलकर घर में ही पति को पीट पीटकर मार डाला। वारदात को अंजाम देकर बहन और बहनोई तो गुरुवार रात में ही फरार हो गए। जबकि हत्यारोपित पत्नी तीन वर्ष के मासूम बेटे के साथ घर में ही थी, लेकिन स्वजन को भनक नहीं लगने दी। शुक्रवार सुबह मां को अनहोनी की आशंका हुई ताे वह घर पहुंची जहां बेटे की लाश देखकर उसकी चीख निकल गई। पुलिस ने आरोपित महिला सहित खून से सनी हुई लकड़ी की फंटी को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही हत्याराेपित पत्नी समेत उसके बहनोई और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर के मुहल्ला होली चौक में गुरूवार रात हुई वारदात ने पूरे नगर को हिलाकर रख दिया। अपने जीजा के इश्क में दीवानी हुई मीनाक्षी ने बहनोई रामनिवास और बहन बबली निवासीगण गांव मूसेपुर थाना बिल्सी के साथ मिलकर घर में सो रहे पति राजेश की हत्या कर दी। गुरुवार की भोर होने पर मीनाक्षी अपने दूसरे घर में शौच को गई तो उसकी सास धनदेवी ने राजेश के बारे में पूछा। मीनाक्षी के जवाब देने में टाल मटोल करने पर किसी अनहोनी की आशंका हुई तो धनदेवी, राजेश के पास पहुंच गईं। वहां का नजारा देख धनदेवी चीखने लगीं।
26 वर्षीय राजेश की क्षत विक्षत लाश बेड पर पड़ी हुई थी। थोड़ी ही देर में भीड़ जुट गई। कोतवाल राजीव शर्मा फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। बेड के नीचे पड़ी खून से सनी लकड़ी की फंटी और चादर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता शिवसहाय की तहरीर पर पुलिस ने मीनाक्षी, उसके बहनोई रामविलास और रामविलास की पत्नी बब्ली के खिलाफ धारा 302 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मीनाक्षी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
थाने तक पहुंचा था पति-पत्नी का विवाद
मृतक राजेश ने खुलेआम पत्नी के चरित्र को लेकर लोगों केा बताया था। मुहल्ले वालों ने बताया कि राजेश और मीनाक्षी के बीच आए दिन विवाद होता था। कई बार मामला थाने भी पहुंचा। पुलिस और नगर के गणमान्य लोगों ने पति-पत्नी के बीच समझौता भी करा दिया, लेकिन मीनाक्षी का इश्क फिर भी परवान चढता ही गया।
चंडीगढ़ में भी देखी थी पत्नी की रासलीला
किशोरावस्था से ही मीनाक्षी अपने बहनोई रामविलास के यहां रहती थी। उसने ही मीनाक्षी की शादी राजेश से कराई थी। शादी के बाद से मीनाक्षी अपने मायके जाने की जगह जीजा के घर जाने लगी। चूंकि रामविलास चंडीगढ में काम करता था। मीनाक्षी घर में कलेश कर राजेश को भी चंडीगढ ले गई। मृतक के स्वजन ने बताया कि वहां पर राजेश ने मीनाक्षी को रामविलास के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद राजेश बिसौली आ गया और यहां पर वह एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करने लगा।
मासूम बंटू के आंसू बयां कर रहे थे कहानी
राजेश का मासूम पुत्र बंटू की आंखों से टपकते आंसू उसकी पूरी घटना को बयां कर रहे थे। तीन साल के बंटू ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी थी। उसने अपने ताऊ और बाबा को पूरी बात भी बताई। अभागे बंटू से तो मां-बाप का साया ही उठ गया। पिता की हत्यारोपित मां जेल में रहेगी। ऐसे में परिवार वाले ही उसका भरण पोषण करेंगे।
हत्यारोपित पत्नी मीनाक्षी समेत उसके बहनोई रामविलास और उसकी पत्नी बब्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रामविलास और बब्ली के गांव बिल्सी क्षेत्र के मूसेपुर गांव में भी छापेदारी की है। दोनों हत्यारोपितों को भी शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। - राजीव शर्मा, कोतवाल बिसौली