मौसम बदल रहा तेजी से करवट, बारिश के बाद सर्दी ने जमाया डेरा Bareilly News
शुक्रवार को धूप तो खिली लेकिन हवा में ठंड का एहसास बरकरार रहा। तापमान गिरने से सर्दी ने डेरा जमा लिया है।
जेएनएन, बरेली। अचानक हुई बारिश के बाद जिले में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। गुरुवार को ओले के साथ हुई तेज बारिश ने एकाएक ठंड कर दी थी। शुक्रवार को धूप तो खिली, लेकिन हवा में ठंड का एहसास बरकरार रहा। तापमान गिरने से सर्दी ने डेरा जमा लिया है।
बुधवार रात न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को दोपहर बारिश हुई। कुल 26.3 एमएम बरसात के बाद हवाओं में भी ठंडक बढ़ी। इससे गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गिरा। हालांकि, शुक्रवार को धूप खिलने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की। इससे अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री तक पहुंचा जो गुरुवार के अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के लगभग बराबर रहा। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि बारिश होने से इस बार सर्दी का मौसम ज्यादा दिनों तक चलने की बात और पुख्ता हुई है।
आगे भी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी बताते हैं कि बरसात केवल एक दिन दिन की नहीं है। अगले महीने भी कई बार बरसात के आसार हैं। इससे हवा सर्द रहेगी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के हवा में असर से भी ठंड बढ़ेगी। इस समय मौसम का दोहरा चेहरा दिख रहा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर बढ़ा है। दिन में बाहर धूप में कुछ गर्म तो रात ठीक उलट अधिक ठंड का अहसास कराने लगी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा के मुताबिक, गुरुवार को हुई बरसात शहर और ग्रामीण, दोनों इलाकों के लिए बेहतर रही। अगले महीने भी बरसात होने के पूरे आसार हैं।
लापरवाही बना सकती बीमार, बरतें एहतियात
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. वागीश वैश्य बताते हैं कि तनिक सी लापरवाही बीमार कर सकती है। एहतियात बरतें। इसलिए मौसम के अनुसार कपड़े पहनें।
सीएचसी गेट पर बुजुर्ग की मौत, ठंड के असर का दावा
बिथरी चैनपुर ब्लॉक परिसर के पास स्थित सीएचसी के गेट पर रह रहे बुजुर्ग की गुरुवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि मौत ठंड लगने से हुई। अस्पताल गेट पर पकौड़ी के ठेला लगाने वाले छोटेलाल ने बताया कि बुजुर्ग ने कभी नाम, गांव नहीं बताया। ग्राम प्रधान शाहिद अंसारी ने बताया कि कई बार बुजुर्ग के बीमार होने पर अस्पताल के डॉक्टर से उन्हें भर्ती कराने को कहा, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि इस तरह की घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।
प्रदूषण से निजात, गन्ने की बढ़ी मिठास
गुरुवार को हुई बारिश से हवा में प्रदूषण के कण नीचे बैठ गए। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) भी तेजी से नीचे पहुंचा। खेतों में खड़े गन्ने के लिए यह पानी काफी बेहतर रहा। किसान बताते हैं कि इससे गन्नों में मिठास बढ़ेगी।