Badaun case : मुख्य आरोपित सत्यनारायण ने पुलिस पूछताछ में कही चौंकाने वाली बात, बताया कैसे हुई महिला की मौत
Badaun case ग्रामीणों ने सत्यनारायण को गांव में ही उसके एक चेले के घर पर देख लिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस सत्यनारायण के चेले को भी पूछताछ के लिए थाने ले गई।
बदायूं, जेएनएन। Badaun case: बदायूं सामूहिक दुष्कर्म और हत्या प्रकरण में पुलिस ने मुख्य आरोपित महंत सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार रात भर चली पूछताछ मेंं सत्यनारायण चौंकाने वाली बातें बताईं। उसका कहना था कि पैर फिसलने की वजह से महिला कुएं में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। दुष्कर्म की बात से उसने साफ इन्कार किया है। पूछताछ के बाद शुक्रवार को पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। साथ ही डीएनए जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। पुलिस उसे घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए कई स्थानों पर भी लेकर गई। लेकिन अभी ज्यादा कुछ हाथ नहीं लगा है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक रविवार को बदायूंं के उघैती क्षेत्र के गांव की आंगनबाड़ी सहायिका एक धर्मस्थल में पूजा करने गई थीं। आरोप है कि वहांं पर धार्मिक स्थल पर महंत सत्यनारायण, उसके शिष्य वेदराम व जसपाल ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बताया जाता है कि आरोपितों ने महिला के निजी अंगों को लोहे की राड से चोट पहुंचाई। अधिक रक्तस्राव होने की वजह से महिला की मौत हो गई थी। पोसटमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। बुधवार को आरोपित वेदराम व जसपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामले में लापरवाही पाए जाने पर निलंबित एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह व दारोगा अमरजीत पर गुरुवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया। रात में ही ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपित महंत सत्यनारायण को भी गिरफ्तार कर लिया। वह एक शिष्य के घर में ही छिपा था। उसे शरण देने वाले युवक को भी पुलिस थाने उठा लाई है। एडीजी अविनाश चंद्र ने बताया कि जांच के लिए जोन स्तर पर भी एक टीम गठित की है।