बरेली का मजार मामला : चंद बिचपुरी में फिर गर्म हुआ माहौल, बीडीए ने बनाया रास्ता
चंद्रपुर बिचपुरी में बरेली विकास प्राधिकरण की जगह पर अवैध बनी मजार तोड़े जाने का मामला मंगलवार को फिर कुछ देर के लिए गरम हो गया। दरअसल मजार से जुड़े मुरीदों ने टूटे हुए धर्मस्थल का मलबा हटाना शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर फोर्स के साथ पहुंच गए ।
बरेली, जेएनएन। चंद्रपुर बिचपुरी में बरेली विकास प्राधिकरण की जगह पर अवैध बनी मजार तोड़े जाने का मामला मंगलवार को फिर कुछ देर के लिए गरम हो गया। दरअसल मजार से जुड़े मुरीदों ने टूटे हुए धर्मस्थल का मलबा हटाना शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए । उन्होंने मलवा हटा रहे लोगों को मना किया। इस बीच भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने हड़काकर भीड़ को तितर बितर कर दिया। वहीं बीडीए के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित बुलडोजर लेकर रास्ता चिह्नित करने पहुंच गए। उन्होंने खुदाई करवाते हुए रास्ता बना दिया।
लोगों ने किया था विरोध
इसके पहले यहां पर अवैध रूप से बनी मजार को बरेली विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया था। इसके विरोध में एक संप्रदाय विशेष के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि मजार अवैध नहीं है औऱ करीब 1950 में बनाई गई थी। कुछ लोगों ने उस समय की बनी हुई ईंट भी दिखाई थी। मौके पर बड़ी संंख्या में लोगों के एकत्रित होने से प्रशासन ने यहां पर पीएसी तैनात कर दी थी जिससे माहौल न बिगड़े। लोगों की मांग थी कि मजार को जहां पर ध्वस्त किया गया है। वहीं पर फिर से दरगाह बनाई जानी चाहिए। इसके लिए प्रशासन के अधिकारियों के साथ विशेष संप्रदाय के लोगों के साथ बैठक भी हुई। हालांकि मामला न बिगड़े। इसलिए प्रशासन ने लोगों से कई दौर की बातचीत भी की थी। इसके साथ मौके पर किसी तरह का तनाव न हो और माहौल न बिगड़े। इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।