ससुराल में छुपा था डेढ़ करोड़ की ठगी का आरोपित विकास, पकड़ने गई पुलिस से भिड़ गए थे ससुराल वाले
तीन सौ बेड अस्पताल में नौकरी के नाम पर 50 लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी के मुख्य आरोपित विकास को कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से गिरफ्तार किया है। वहां उसकी ससुराल है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे दबोचा।
बरेली, जेएनएन। तीन सौ बेड अस्पताल में नौकरी के नाम पर 50 लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी के मुख्य आरोपित विकास को कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से गिरफ्तार किया है। वहां उसकी ससुराल है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे दबोचा। हालांकि पुलिस को उसे पकड़ने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। उसकी गिरफ्तारी के दौरान ससुराल पक्ष ने जमकर विरोध किया था। इस दौरान वह पुलिस से भिड़ भी गए थे। जिसके बाद पुलिस को स्थानीय पुलिस से मदद लेना पड़ी थी। विकास वहां अपने पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था। ठगी के मामले में कोतवाल पुलिस ने एक फरवरी को विकास यादव, महिला अस्पताल के बाबू कुलदीप शर्मा, वार्ड ब्वाय ताहिर व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपित विकास घर छोड़कर भाग निकला था। जिसके बाद ठगी के शिकार पीड़ित लगातार पुलिस पर आराेपितों की गिरफ्तारी का दबाव बना रहे थे। खुद केंद्रीय मंत्री ने भी आरोपित की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जिसके बाद एसएसपी रोहित सिंह सजवाण खुद इस मामले की मानीटरिंग कर रहे थे। विकास और उसके साथियों ने तीन सौ बेड हास्पिटल में नौकरी देने के नाम पर करीब 50 लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की थी। बाद में पीड़ितों को पता चला कि नौकरी के नाम पर उनसे ठगी की गई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।