पेड पर फंदे से लटकता मिला बकरी चराने गया 12 वर्षीय किशोर, फैली सनसनी
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जरैठा की मढ़ैया निवासी महेंद्र के 12 वर्षीय पुत्र को फंदे से लटका देख आसपास के लोग उसको लेकर अस्पताल गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह बकरी चराने के लिए जंगल में गया था।
बदायूं, जेएनएन। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जरैठा की मढ़ैया निवासी महेंद्र के 12 वर्षीय पुत्र को फंदे से लटका देख आसपास के लोग उसको लेकर अस्पताल गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को दोपहर के समय गांव निवासी महेंद्र का 12 वर्षीय पुत्र प्रमोद बकरी चराने के लिए जंगल में गया था। संदिग्ध परिस्थितियों में वह पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। ग्रामीणों ने स्वजनों को बताया कि सोमवार को उसका विवाद गांव के ही एक व्यक्ति से हुआ था।
आसपास के लोगों ने विवाद शांत करा दिया था। बच्चों ने मंगलवार को स्वजनों को सूचना दी कि वह फंदे से लटका हुआ है। स्वजनों ने उसको फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उसकी मौत होने के बाद स्वजनों ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में एसएचओ जरीफनगर अजय यादव ने बताया कि बालक बकरी चराने गया था। गले में उसके चोट के निशान थे। उसकी मौत की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।