शिक्षक अवधेश हत्याकांड : फरार कातिलों की संपत्ति की होगी कुर्की
कर्मचारी नगर के रहने वाले शिक्षक अवधेश कुमार सिंह की हत्या के फरार आरोपितों पर पुलिस अब शिकंजा कसने की तैयारी कर चुकी है। फरार आरोपितों की कोई लोकेशन न मिल पाने के बाद पुलिस अब आरोपितों की संपत्ति कुर्क करेगी।
बरेली, जेएनएन। कर्मचारी नगर के रहने वाले शिक्षक अवधेश कुमार सिंह की हत्या के फरार आरोपितों पर पुलिस अब शिकंजा कसने की तैयारी कर चुकी है। फरार आरोपितों की कोई लोकेशन न मिल पाने के बाद पुलिस अब आरोपितों की संपत्ति कुर्क करेगी। इसके लिए आदेश जारी किए जा रहे हैं। मर्डर केस में अवधेश की पत्नी विनीता को पहले ही पुलिस गिरप्तार कर चुकी है।
बता दें कि 12 अक्टूबर को कर्मचारी नगर के रहने वाले शिक्षक अवधेश कुमार सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या कर शिक्षक का शव फिरोजाबाद के नारखी में दफनाया गया था। मामले में पुलिस अब तक सुपारी किलर शेर सिंह उर्फ चीकू, पत्नी विनीता और पप्पू जाटव को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार आरोपितों में विनीता का पिता अनिल, भाई प्रदीप, बहन ज्योति, प्रेमी अमित सिसोदिया उर्फ अंकित एवं भोला शामिल है। पुलिस अभी तक फरार आरोपितों के बारे में पता नहीं कर पाई है। ऐसे में संपत्ति को कुर्की करके पुलिस आरोपितों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं अवधेश की मां अन्नपूर्णा का कहना है कि वह अवधेश के बेटे को पाने के लिए अब कानूनी लड़ाई लड़ेगी। अवधेश का बेटा अभी तक विनीता के पास ही है।