पीलीभीत में पुरुष नसबंदी के लिए चलेगा विशेष अभियान, दो चरणों में किया जाएगा संचालित
जिले में पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवारा का आयोजन होगा यह दो चरण में आयोजित किया जाना है। इच्छुक पुरुषों को नसबंदी की सेवा दी जाएगी।
पीलीभीत, जेएनएन। जिले में पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवारा का आयोजन होगा यह दो चरण में आयोजित किया जाना है। पहले चरण में दंपत्ती संपर्क अभियान चलाकर परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दूसरे चरण में इच्छुक पुरुषों को नसबंदी की सेवा दी जाएगी। इस बार पुरुष नसबंदी पखवारा की थीम ‘परिवार नियोजन में पुरुषों की साझेदारी, जीवन में लाए स्वस्थ और खुशहाली’ को निर्धारित किया गया है।
परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी, अपर सीएमओ डा. चंद्र मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवारा का उद्देश्य कोविड काल में भी जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए पुरुषों को जागरूक करने के साथ-साथ उनकी सहायता से परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवारा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन के संवेदीकरण के लिए प्रचार प्रसार किया जाएगा। लोगों को नियोजित परिवार के लाभ बताते हुए परिवार नियोजन के अस्थाई और स्थाई साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा। डा. चतुर्वेदी के अनुसार अभियान का उद्देश्य नसबंदी के प्रति पुरुषों को प्रोत्साहित कर परिवार नियोजन में बराबर की साझेदारी के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का आयोजन जनपद और ब्लाक स्तर पर दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 21 से 27 नवंबर तक चलेगा। इस चरण में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दंपतियों से संपर्क करेंगी। उन्हें परिवार नियोजन क्या है, यह बताएंगी। साथ ही परिवार नियोजन की क्या जरूरत है, इस संबंध में भी जानकारी देंगी। परिवार नियोजन में पुरुष नसबंदी के फायदे के बारे में बताते हुए इसके लिए प्रोत्साहित करेंगी। इसके बाद इच्छुक पुरुषों का पंजीकरण किया जाएगा। दूसरा चरण 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इस चरण में इच्छुक पुरुषों की नसबंदी की जाएगी।