बदायूं के सपा प्रत्याशी ने चढाई आस्तीन, भाजपा नेताओं को यह दी धमकी
सहसवान से सपा के प्रत्याशी बृजेश यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के नेताओं के लिए धमकी भरे लहजे में कह रहे हैं कि अगर उन्होंने अपने लड़कों को छूट दे दी तो छिपने का ठिकाना भी नहीं मिलेगा।
जेएनएन, बदायूं : सहसवान से सपा के प्रत्याशी बृजेश यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के नेताओं के लिए धमकी भरे लहजे में कह रहे हैं कि अगर उन्होंने अपने लड़कों को छूट दे दी तो छिपने का ठिकाना भी नहीं मिलेगा। जिले के तमाम इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म पर इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसके साथ ही इस पर तरह तरह की टिप्पणी भी की गई हैं। इधर पुलिस ने मामले को संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को दोपहर बाद से एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हुआ। इसमें सहसवान के सपा प्रत्याशी बृजेश यादव एक जनसभा को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को काट कर वायरल किया गया है। इस वीडियो में बृजेश यादव के भाषण का वही विवादित अंश है, जिसमें वह अपने कार्यकर्ताओं की हौंसलाफजाई करते हुए भाजपा नेताओं को चेतावनी दे रहे हैं। इसमें उन्होंने कहाकि एक एक भाजपा नेता सुन लें, उन्हें छिपने की भी जगह नहीं मिलेगी, अगर वह अपने लड़कों को छूट दे दें। बृजेश के कुछ समर्थकों का कहना है कि यह वीडियो काफी पुराना है। यह वीडियो खितौरा में हुई जनसभा का है। हालांकि एसएसपी डा. ओपी ङ्क्षसह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। सीओ दातागंज प्रेम कुमार थापा मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि जांच चल रही है, अगर वीडियो आचार संहिता लगने के बाद का है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सपा प्रत्याशी बृजेश यादव ने बताया कि वीडियो एक साल पुराना है। उस दौरान उनके कार्यकर्ताओं को भाजपा के लोग धमकी दे रहे थे, इसलिए एक लाइन हमने भी बोल दी थी। कहा कि आचार संहिता का पालन करते हुए ही चुनाव लड़ रहा हूं।