बरेली के हाफिजगंज में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म
रविवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय आरोपित टंडन उसे चाकलेट दिलाने के बहाने गांव से बाहर ले गया। बच्ची ने घर वापस जाने की जिद की तो उसे जबरन गन्ने के खेत में उठा ले गया और दुष्कर्म किया।
बरेली, जेएनएन। हाफिजगंज के एक गांव में रविवार को अनुसूचित जाति की छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। हालांकि पुलिस इसे प्रधान गुटों की रंजिश बताते हुए घटना से इन्कार कर रही है। रविवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय आरोपित टंडन उसे चाकलेट दिलाने के बहाने गांव से बाहर ले गया। बच्ची ने घर वापस जाने की जिद की तो उसे जबरन गन्ने के खेत में उठा ले गया और दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित भाग गया। किसी तरह घर पहुंची बच्ची ने स्वजन को घटनाक्रम बताया। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने आरोपित को बचाने के लिए पंचायत बुला ली। पुलिस से शिकायत के बजाय पंचायत में सजा देने की बात कही। छह घंटे तक पंचायत चलती रही, पर बच्ची के पिता कार्रवाई से पीछे नहीं हटे और देर रात थाने पहुंच गए। इंस्पेक्टर हाफिजगंज महेंद्र सिंह को पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। गांव में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर गुटबंदी चल रही है। पुलिस को आशंका है कि इसी के तहत आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, प्रथम दृष्ट्या बच्ची के बयान के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास के मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को बच्ची का मेडिकल कराए जाने के बाद धाराएं तरमीम की जा सकती हंै।
बच्ची के पिता ने लगाया तहरीर बदलवाने का आरोप
बच्ची के पिता ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि दो लोगों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया पर पुलिस ने दबाव बनाकर एक के खिलाफ ही रिपोर्ट लिखी। इंस्पेक्टर हाफिजगंज महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दबिश दी गई, लेकिन वह घर से फरार हो गया। सोमवार को बच्ची का मेडिकल कराया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।