सुबह दस से शाम छह बजे तक खुलेगी श्यामगंज मंडी, प्रशासन और व्यापारी में वार्ता
भीड़भाड़ और ओवररेटिंग के आरोपों के बीच अब श्यामगंज की थोक मंडी को सुबह दस से शाम छह बजे तक खोलने का निर्देश जारी हुआ है।
बरेली, जेएनएन। भीड़भाड़ और ओवररेटिंग के आरोपों के बीच अब श्यामगंज की थोक मंडी को सुबह दस से शाम छह बजे तक खोलने का निर्देश जारी हुआ है। इस दौरान दुकानदारों को शारीरिक दूरी करते हुए सैनिटाइजर का भी प्रयोग सुनिश्चित करना होगा।
मंगलवार सुबह चार बजे से श्यामगंज की थोक मंडी की दुकानें खुल गई थीं। व्यापारियों का आरोप है कि बारादरी पुलिस ने सुबह पांच बजे ही दुकानों को बंद करवा दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोपहर 12 बजे सीओ तृतीय अभिषेक वर्मा और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशान प्रताप सिंह से मुलाकात की। पक्ष रखा कि प्रशासन पूरे दिन बाजार खोलने की बात कहता है लेकिन, पुलिस दुकानें बंद करवा रही है। तय हुआ कि सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक बाजार खुलेगा। इसके बाद व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल डीएम नितीश कुमार के कैंप कार्यालय पर पीएम केयर्स फंड में 1.01 लाख का चेक देने पहुंचा। यहां व्यापारियों ने साफ कह दिया कि पुलिस ऐसे ही मारती रही तो बाजार बंद कर देंगे। डीएम नितीश कुमार ने निर्देश दिए कि सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक बाजार खोला जाएगा। कई वाट्सएप ग्रुपों में पूरा बाजार खुलने के मैसेज चलने लगे। व्यापार मंडल को स्पष्ट करना पड़ा कि यह छूट सिर्फ थोक बाजार के लिए दी गई है।
किसने क्या है
व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मिला था। उन्हें श्यामगंज का थोक बाजार शाम छह बजे तक खोलने के लिए कहा गया है, ताकि सप्लाई चेन ठीक रहे।
- नितीश कुमार, डीएम
सिर्फ थोक बाजार को खोलने की अनुमति मिली है। सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक श्यामगंज मंडी खुल सकेगी। लोग शारीरिक दूरी का पालन करें। - राजेंद्र गुप्ता, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल