Flood in Pilibhit : पीलीभीत के राहुलनगर गांव में घुसा शारदा का पानी, ग्रामीण घराें से पलायन को मजबूर
तीन दिन से लगातार बारिश होने और वनबसा बैराज से कई चरणों में अतिरिक्त पानी शारदा में छोड़े जाने के बाद नदी उफना गई है। पूरनपुर तहसील के ट्रांस क्षेत्र में स्थिति खराब होने लगी है।
पीलीभीत, जेएनएन। तीन दिन से लगातार बारिश होने और वनबसा बैराज से कई चरणों में अतिरिक्त पानी शारदा में छोड़े जाने के बाद नदी उफना गई है। पूरनपुर तहसील के ट्रांस क्षेत्र में स्थिति खराब होने लगी है। राहुल नगर गांव में नदी का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया है। जिसके चलते गांव में रहने वाले ग्रामीण अपने घरों से पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। एसडीएम ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया है। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में मंगलवार की रात से अब तक लगातार बारिश हो रही है। पहाड़ों पर भी भी तेज बारिश लगातार बनी हुई है। इसी वजह से बैराज से अतिरिक्त पानी शारदा नदी में छोड़ने का सिलसिला जारी है। इससे शारदा का जलस्तर काफी बढ़ गया है। बैराज से भारी मात्रा में अतिरिक्त पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसके चलते नदी में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। कटान प्रभावित गांव राहुलनगर में रात के समय पानी लोगों के घरों में घुस गया। ग्रामीण सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए निकल गए हैं। पानी कम न होने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर और बढ़ाने की आशंका है। उपजिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बाढ़ चौकियों को अलर्ट करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। टीम लगातार निगरानी को लगी हुई है।