Shahjahanpur Crime News : शाहजहांपुर में गाेली लगने से युवक की मौत, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका
Shahjahanpur Crime News यूपी के शाहजहांपुर में ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शव घर से कुछ दूरी पर बाहर पड़ा मिला। स्वजन ससुराल वालों पर ही हत्या करने का आरोप लगा रहे है।
बरेली, जेएनएन। Shahjahanpur Crime News : यूपी के शाहजहांपुर में ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शव घर से कुछ दूरी पर बाहर पड़ा मिला। स्वजन ससुराल वालों पर ही हत्या करने का आरोप लगा रहे है। सीओ सदर अरविंद कुमार ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
निगोही के हमजापुर निवासी शनि मिश्रा की वर्ष 2012 में क्षेत्र के ही पचदेवरा गांव निवासी प्रीति मिश्रा से हुई थी। शादी के एक साल बाद शनि अपनी ससुराल में रहने लगे। बुधवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से निगोही किसी काम से जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब 12 बजे गोली चलने की आवाज ग्रामीणों को सुनाई दी लेकिन कोई घर से बाहर नहीं निकला।
गुरुवार सुबह शनि का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ससुर परशुराम के बग्गर के बाहर पड़ा मिला। सिर में गोली लगी थी जबकि तमंचा पैरों के पास पड़ा था। घटना की जानकारी जब शनि के पिता सुरेंद्र मिश्रा व अन्य स्वजन को लगी तो वह भी गांव पहुंच गए। उन्होंने बेटे के ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया।
भूमि विवाद बताया जा रहा कारण
शनि के पिता सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि परशुराम ने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी महिला को अपने साथ रख लिया था। जिनके तीन बेटे थे। इसके बाद प्रीति का जन्म हुआ था। परशुराम के पास करीब आठ एकड़ भूमि है। शनि की शादी के समय उन्होंने दो एकड़ खेती देने की बात कही थी। लेकिन शादी के बाद नौ बीघा खेती उन्होंने प्रीति के नाम कर दी। जबकि नौ बीघा अपनी दूसरी पत्नी के नाम। उन्होंने आशंका जताई कि बाकी खेती के लिए उनके बेटे की हत्या कर दी गई।
रात में नहीं मिली सूचना
सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि बेटा जब रात से घर नहीं पहुंचा था तो इसकी जानकारी उसके ससुराल वालों को देनी चाहिए थी। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा कहीं तलाश करने का भी प्रयास नहीं किया। गुरुवार सुबह भी किसी अन्य के जरिये सूचना मिली।
मृतक के बाये हाथ में बारूद लगी है। जिससे स्पष्ट हो रहा है कि आत्महत्या की है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। स्वजन जो तहरीर देंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अरविंद कुमार, सीओ सदर