Lockdown Update : उत्तराखंड से बरेली आये प्रवासियों की बस से उतरते ही स्क्रीनिंग Bareilly News
2 सीटों की जगह पर एक यात्री को बैठाया गया। आश्रय स्थल पहुंचते ही स्क्रीनिंग हुई। इसके बाद हाथ धुलवा कर उन्हें भोजन कराया गया।
बरेली,जेएनएन। उत्तराखंड में फंसे जनपद समेत प्रदेश के अन्य जिलों के 1553 यात्रियों को उत्तराखंड की 60 बसों से शनिवार को बहेड़ी स्थित आश्रय स्थल लाया गया। उन्हें घर की चौखट तक पहुंचाने के लिए कोरोना संक्रमण से बचाव का भी ध्यान रखा गया। 2 सीटों की जगह पर एक यात्री को बैठाया गया। आश्रय स्थल पहुंचते ही स्क्रीनिंग हुई। इसके बाद हाथ धुलवा कर उन्हें भोजन कराया गया। चूंकि यह प्रवासी उत्तराखंड में 14 दिन क्वॉरेंटाइन होकर आए हैं इसलिए घर जाने दिया गया। हालांकि उन्हें आगामी 14 दिन तक होम क्वॉरेंटाइन रहने को कह दिया गया। जिले के लोग घर चले गए जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के प्रवासी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों से अपने घरों की ओर रवाना हो गए।
उत्तराखंड में फंसी इन प्रवासियों के लिए वही रोका गया था। सरकार ने आदेश होने के बाद उनकी वापसी शुरू हुई। वहां स्क्रीनिंग होने के बाद 52 सीट की बस में अधिकतम 25 लोगों को बैठाया गया। इसी तरह से सभी 7 बसों में बैठने की व्यवस्था रही एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि सभी को जांच होने के बाद रवाना किया गया है। बरेली में फंसे उत्तराखंड के 65 लोगों को उत्तराखंड से आई बसों से वापस भेजा गया।
लौटे प्रवासियों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए अलग-अलग जनपदों के स्टाल लगाए गए थे। उत्तराखंड में फंसे प्रवासियों के लिए वापस आने का सिलसिला शनिवार को सुबह 11:00 बजे से शुरू हुआ। जिलाधिकारी नीतीश कुमार एसएसपी शैलेश पांडे के बाद विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार दोनों आश्रय स्थल पहुंचे। एसडीएम सुधीर कुमार रामानंद राय एआरएम बरेली डिपो चीनी प्रसाद रोहिलखंड डिपो के एआरएम भुवनेश्वर कुमार आदि अधिकारी प्रवासियों की हाल चाल लेते दिखे।
स्क्रीनिंग कराने के बाद यात्रियों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए बसों से भेजा जा रहा है। आने वाले प्रवासियों की भी स्क्रीनिंग कराई गई है। सभी को खाना खिलाने के बाद घर पर क्वॉरेंटाइन रहने का निर्देश दिया गया है। - वीके सिंह अपर जिलाधिकारी प्रशासन।