बदायूं सदर विधानसभा सीट पर सपा बाहरी प्रत्याशी उतारेगी या स्थानीय, असमंजस में कार्यकर्ता और नेता
UP Assembly Election 2022 भाजपा के साथ सपा ने भी चुनावी रैलियों की शुरुआत कर दी है। बदायूं शहर में पांच जनवरी को रैली का आयोजन किया गया है। जिला महासचिव मोहम्मद यासीन गद्दी के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव शामिल होंगे।
बरेली, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 : भाजपा के साथ सपा ने भी चुनावी रैलियों की शुरुआत कर दी है। बदायूं शहर के इस्लामिया इंटर कालेज में पांच जनवरी को सदर विधानसभा क्षेत्र की रैली का आयोजन किया गया है। जिला महासचिव मोहम्मद यासीन गद्दी के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव शामिल होंगे। बिल्सी की सीट महान दल के खाते में जाने से विरोध झेल रहे पार्टी के नेताओं को यहां सदर सीट पर भी बाहरी प्रत्याशी के आने की सुगबुगाहट मात्र से आक्रोश बढ़ गया। स्थानीय दावेदारों ने एकजुट होकर सैफई जाकर अपना विरोध भी जताया है। पांच जनवरी को होने वाली रैली में ही कोई संकेत मिल सकते हैं।
पांच बार के विधायक रामसेवक ने ठोंका दावा : पिछले सप्ताह भाजपा में वापसी करने वाले पांच बार के विधायक रहे रामसेवक पटेल ने 1209 लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के साथ सदर सीट से चुनाव लड़ने के लिए पार्टी कार्यालय में अपना आवेदन भी कर दिया है। पार्टी में वापसी करने के बाद शनिवार को अपने आवास पर उन्होंने प्रेसवार्ता कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बीच में कुछ परिस्थिति अनुकूल नहीं रहीं, जिसकी वजह से वह दूसरी पार्टी में भी रहे, लेकिन उनकी मूल पार्टी भाजपा है, घर वापस आकर बहुत खुश हैं। टिकट न मिल पाने क्या करेंगे, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का हक है। निर्णय पार्टी हाईकमान करेगी, जिसको भी टिकट मिलेगा उसे पूरी निष्ठा से चुनाव लड़ाएंगे।
सपा ने वाल्मीकि चेतना यात्रा निकाली : शहर के मुहल्ला लोटनपुरा में समाजवादी पार्टी की वाल्मीकि चेतना यात्रा निकाली गई। सपा के प्रदेश सचिव जुगल किशोर वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, जिला महासचिव यासीन गद्दी आदि ने इसमें सहभागिता की। जिला सचिव जीतन लाल, सोमेंद्र यादव, जोंटी वाल्मीकि, नगर अध्यक्ष आकाश, लखन रोहिले, नरेंद्र चौधरी, शेखर वाल्मीकि, सूरजपाल, अमित वाल्मीकि, विजय, आकाश, सुनील वाल्मीकि, रजत आदि ने नवादा पर स्वागत किया।