पति अजितेश के साथ बरेली पहुंची साक्षी मिश्रा से मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना Bareilly News
प्रेम विवाह कर जुलाई में शहर छोड़ चुकी साक्षी मिश्रा शनिवार को पति अजितेश के साथ उनके घर लौटी। इसी दौरान पड़ोसी महिला से विवाद हो गया। साक्षी का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई।
जेएनएन, बरेली: प्रेम विवाह कर जुलाई में शहर छोड़ चुकी साक्षी शनिवार को पति अजितेश के साथ उनके घर लौटी। इसी दौरान पड़ोस की महिला से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। साक्षी का कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने थाने पहुंचकर एनसीआर दर्ज कराई हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पूरा विवाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई शिकायत में साक्षी ने लिखा कि शनिवार सुबह 10.07 बजे वह मामूली विवाद की शिकायत करने पड़ोस में रहने वाली योगिता त्रिपाठी के घर गईं थीं। जिस पर योगिता ने उनसे मारपीट की। खींचते हुए सड़क तक ले गई। उनके चीखने की आवाज सुनकर पति अजितेश व अन्य ससुराल वाले आए और बचाया। शिकायत पर पुलिस ने नॉन कॉग्निजबल अफेंस इन्फॉरमेशन रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज कर ली।
इंस्पेक्टर इज्जतनगर केके वर्मा ने बताया कि साक्षी ने मारपीट की शिकायत की थी। बाद में दोनों पक्षों का समझौता होने पर समझौतानामा भी थाने में दिया गया है। साक्षी व अजितेश शनिवार को वीरसावरकर नगर स्थित अपने घर आए थे। मारपीट की घटना होने के बाद दोनों रविवार को वापस दिल्ली चले गए। बताया जाता है कि फेसबुक पर की गई किसी टिप्पणी को लेकर साक्षी का योगिता त्रिपाठी पत्नी अंशुमान त्रिपाठी से विवाद हो गया था। वहीं, साक्षी का आरोप है कि थाना पुलिस ने भी उन पर मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाया।
इससे पहले मिल चुकी है जान से मारने की धमकी
साक्षी और अजितेश को प्रेम विवाह किए हुए करीब चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन दोनों को लगातार सोशल मीडिया या फिर फोन से धमकियां मिल रही है। पिछले दिनों अजितेश ने पुलिस में शिकायत करते हुए बताया था कि उन्हें एक मोबाइल नंबर से तीन बार कॉल आई थी। कॉल करने वाले शख्स ने दोनों को जान से मार डालने की धमकी दी थी। वहीं, इससे पहले भी कई बार साक्षी और अजितेश को सोशल मीडिया पर भी धमकी मिलती रही हैं।
कौन है साक्षी-अजितेश
बरेली की साक्षी मिश्रा तीन जुलाई को अजितेश के साथ घर से चली गई थी। नौ जुलाई को साक्षी ने वीडियो वायरल कर अजितेश से प्रेम विवाह करने की जानकारी दी थी। साथ ही प्रेम विवाह करने के चलते दोनों की जान को खतरा जताया था। जिसके बाद मामला पूरे देश में सुर्खियों में रहा था।