आइवीआरआइ : जल्द शुरू होगी भर्ती, आइवीआरआइ को मिलेंगे नए वैज्ञानिक
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) में जल्द ही विभागाध्यक्षों के खाली पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए कृषि मंत्रालय के अधीन संचालित कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल दिल्ली जल्द ही आइवीआरआइ सहित देश भर के आइसीएआर से सम्बद्ध संस्थानों के लिए विज्ञापन जारी करेगा।
बरेली, जेएनएन। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) में जल्द ही विभागाध्यक्षों के खाली पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए कृषि मंत्रालय के अधीन संचालित कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल दिल्ली जल्द ही आइवीआरआइ सहित देश भर के आइसीएआर से सम्बद्ध संस्थानों के लिए विज्ञापन जारी करेगा। बीते दिनों भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्रा ने कुलपति एवं निदेशकों के साथ कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी थी। इसके बाद माना जा रहा है कि जल्द ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
आइसीएआर के अधीन देश भर में 110 से ज्यादा संस्थान संचालित हैं। इनमें बरेली का आइवीआरआइ और केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआइ) भी शामिल है। पिछले काफी समय से आइवीआरआइ में कई विभागाध्यक्षों के पद खाली हैं। वरिष्ठ वैज्ञानिक न होने की वजह से तमाम दिक्कतें आती हैं। संस्थानों के वैज्ञानिकों का कहना है कि पदों पर नियुक्ति होने से अन्य वैज्ञानिकों पर काम का प्रभाव थोड़ा कम होगा। साथ ही और भी बेहतर शोध हो सकेंगे। इसी महीने विज्ञापन आने के बाद ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इंटरव्यू के जरिए चयन किया जाएगा।
दोनों संस्थानों में प्रभारी निदेशक
आइवीआरआइ और सीएआरआइ देश के बड़े संस्थानों में गिने जाते हैं। लेकिन यहां काफी समय से स्थायी निदेशक नहीं हैं। आइवीआरआइ में कुछ महीने पहले डॉ. आरके सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद इस पद की जिम्मेदारी संयुक्त निदेशक शोध डॉ. बीपी मिश्रा को प्रभार के रूप में दे दी गई थी। वहीं, सीएआरआइ में भी डॉ. संजीव कुमार कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य संभाल रहे हैं। हालांकि बीते दिनों सीएआरआइ के निदेशक पद के लिए नवंबर में इंटरव्यू हो चुके हैं। लेकिन एक महीने बाद भी अब तक नतीजे नहीं आए हैं।