Ram Navami 2021 : अबूझ स्वयं सिद्ध मुहूर्त में कल मनाई जाएगी रामनवमी, जानें खाता पूजन का शुभ मुहूर्त
Ram Navami 2021 चैत्र माह की शुक्लपक्ष की नवमी को भगवान राम के जन्मदिन को राम नवमी के रूप में मनाया जाता है। इस तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र तथा कर्क लग्न में सूर्यवंश में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म हुआ था।
बरेली, जेएनएन। Ram Navami 2021 : चैत्र माह की शुक्लपक्ष की नवमी को भगवान राम के जन्मदिन को राम नवमी के रूप में मनाया जाता है। इस तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र तथा कर्क लग्न में सूर्यवंश में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म हुआ था। नवमी तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र मिलने पर ही यह पर्व होता है। पुनर्वसु नक्षत्र के न मिलने पर यदि दोपहर में नवमीं मिले तो यह पर्व मनाया जाता है। इस बार 21 अप्रैल बुधवार को मध्याह्न व्यापिनी तिथि राम नवमी है। इस दिन नवमी तिथि पूरे दिन रात रहेगी। बालाजी ज्योतिष अनुसंधान संस्थान के राजीव शर्मा के मुताबिक इस दिन पुष्य नक्षत्र सूर्योदय से प्रातःकाल 7:58 बजे तक रहेगा। इसके बाद अश्लेशा नक्षत्र आरंभ होगा। कर्क लग्न सुबह 8.47 बजे से 11.01 बजे तक रहेगा।
व्यवसायी स्थिर लग्न में करें खाता पूजन
इस दिन प्रातः स्थिर लग्न वृष लग्न प्रातः काल 6:50 से 8:48 बजे तक रहेगी। इस लग्न में लाभ-अमृत की संयुक्त बेला प्राप्त हो रही है। द्वितीय स्थिर लग्न मुहूर्त सिंह लग्न अपराह्न 1:18 बजे से 3:35 बजे तक रहेगी। इस लग्न में सभी ग्रहों की अनुकूलता प्राप्त रहेगी। चंद्र द्वादश होने से चंद्र का उपाय करना उचित रहेगा।
चौघड़िया मुहूर्त में भी कर सकते हैं खाता पूजन
प्रातः काल 5:55 बजे से 9:50 बजे तक लाभ-अमृत का चौघड़िया मुहूर्त, प्रातः काल 10:45 बजे से मध्यान्ह 12:20 बजे तक शुभ चौघड़िया मुहूर्त, अपराह्न 3:35 बजे से 6:56 बजे तक चार- लाभ नामक चौघड़िया मुहूर्त तथा रात्रि 8:25 बजे से रात्रि 9:35 बजे तक शुभ नामक चौघड़िया मुहूर्त रहेगा। इन शुभ मुहूर्तों में गणेश,लक्ष्मी एवं कुबेरादि का पूजन कर लाभ अर्जित कर सकते हैं।