Weather : कोहरा के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने की संभावना, तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद बरेली के मौसम पर भी असर दिखने लगा है। यह भी आशंका व्यक्त की गई है कि पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से टकरा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो तेजी से ठंड बढ़ जाएगी।
बरेली, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में हुई भारी बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में गलन वाली ठंड बढ़ने के आसार बन चुके हैं। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आएगी जबकि अभी मौसम साफ रहेगा। हालांकि पूर्वानुमान में सुबह और शाम को कोहरा रहने की संभावना जताई गई है। इससे प्रदूषण की समस्या भी बढ़ने का अंदेशा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद बरेली के मौसम पर भी असर दिखने लगा है। यह भी आशंका व्यक्त की गई है कि पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से टकरा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो तेजी से ठंड बढ़ जाएगी। बरेली में शुक्रवार को धूप निकली, लेकिन बहुत तीखी नहीं थी। सुबह अच्छा कोहरा छाया। जिससे हाइवे पर चलने वालों के लिए दिक्कत बनी रही। वही दोपहर में लोग घरों के बाहर और छत पर धूप का आंनद लेने के लिए बैठे, लेकिन धूप की तपन थोड़ी मध्यम ही रही। अब आने वाले दिन कड़ाके की सर्दी वाले होने की संभावना है। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह के मुताबिक बरेली के लोगों को गलन वाली सर्दी के लिए तैयार हो जाना चाहिए। उत्तराखंड से सटे हुए शहर के लिए ठंड अपना असर भी तेज दिखाएगी।