नशीली गोलियों के साथ पुलिस ने था पकड़ा, कोर्ट ने सुनाई सजा
जहरखुरानी के सदस्य खाने पीने की चीजों में पहले नशीली दवा मिलाते हैं। फिर दोस्ती करके मौका मिलते ही लोगों के खाने पीने वाली चीजों में इन गोलियों को मिला देते हैं। इसके बाद जैसे ही लोग बेहोशी की हालत में आते हैं। उनका सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं।
बरेली, जेएनएन। जहरखुरानी के सदस्य खाने पीने की चीजों में पहले नशीली दवा मिलाते हैं। फिर दोस्ती करके मौका मिलते ही लोगों के खाने पीने वाली चीजों में इन गोलियों को मिला देते हैं। इसके बाद जैसे ही लोग बेहोशी की हालत में आते हैं। उनका सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। ऐसे ही एक आरोपी को स्पेशल कोर्ट ने नशीली गोलियों के साथ पकड़े जाने पर 20 महीने की सजा सुनाई है। इस आरोपी को पिछले दिनों पुलिस ने भोजीपुरा स्टेशन से नशीली गोलियों के साथ पकड़ा था।
पीपलसाना निवासी संजय उर्फ बंटू को भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के चौकी इंचार्ज विजयकांत सत्यार्थी ने बीते वर्ष 10 अप्रैल को प्लेटफार्म नंबर एक से गिरफ्तार किया था। उसके पास से अल्फ्रासेफ नामक 94 नशीली गोलियां बरामद हुई थीं। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह खाने-पीने की चीजों में नशीली गोलियां मिलाकर मुसाफिरों को देता है। नशा होने पर उनका सामान चोरी कर लेता है। सरकारी वकील संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि दोषी संजय उर्फ बंटू गिरफ्तारी के समय से ही जेल में बंद है। स्पेशल जज इंद्र प्रकाश ने आरोपित को दोषी मानते हुए साढ़े 19 माह की सजा सुनाई है।