Illegal Arms Factory : पीलीभीत में पुलिस ने पकड़ी अवैध शस्त्र फैक्ट्री, चकमा देकर भागा सरगना
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर उससे एक दर्जन से अधिक असलहा बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
बरेली, जेएनएन। पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर उससे एक दर्जन से अधिक असलहा बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेजा जा रहा है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज से सटे गांव ढक्काचांट निवासी आसिफ जंगल में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को मिली जिसपर पुलिस ने बेहद सतर्कता के साथ जंगल में पहुंचकर बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। उस समय आरोपित अवैध शस्त्र बनाने का कार्य कर रहे थे।
पुलिस के घेराबंदी करते ही आसिफ मौके से भाग निकला। एक आरोपित को मौके पर दबोच लिया गया। उसके कब्जे से एक दर्जन से अधिक अवैध तमंचा और बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पूरनपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि मुख्य आरोपित आसिफ पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।
उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पकड़े गए आरोपित के कब्जे से एक दर्जन से अधिक तमंचे और बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपित ने अपना नाम इंद्रपाल निवासी ग्राम सोंधा थाना सेहरामऊ उत्तरी बताया। दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।आरोपित इंद्रपाल को जेल भेजा जा रहा है।