Pilibhit Weather News : पीलीभीत में हल्की बारिश शुरू, सुबह से छाई हुई थी बदली, नहीं हुए सूरज के दर्शन
Pilibhit Weather News Update उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में लगातार दूसरे दिन सुबह से बादल छाए हैं। हालांकि सुबह कुछ देर के लिए सूर्यदेव चमके लेकिन फिर बादलों की ओट में छिप गए। इसके बाद बूंदाबांदी होने लगी। इससे वातावरण में ठंड बढ़ गई है।
बरेली, जेएनएन। Pilibhit Weather News Update : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में लगातार दूसरे दिन सुबह से बादल छाए हैं। हालांकि सुबह कुछ देर के लिए सूर्यदेव चमके लेकिन फिर बादलों की ओट में छिप गए। इसके बाद बूंदाबांदी होने लगी। इससे वातावरण में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान पर बादल उमड़ने लगे। साथ ही हवा भी चल पड़ी। ऐसे में तमाम बच्चे ठिठुरते हुए स्कूलों में पहुंचे। ठंड के कारण बाजार में दुकानें देर से खुलना शुरू हुईं।
इस दौरान शहर की सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही कम रही। बढ़ती ठंड के कारण सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी घटने लगी है। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार मौसम की यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के चलते बनी है। ऐसे में अभी छह दिसंबर तक आसमान पर बादल उमड़ते रहेंगे। इसके साथ ही हल्की बारिश भी होने की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट रिकार्ड की गई है।
गुरुवार की रात तापमान 9.8 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया जबकि एक दिन पहले यह 10.1 डिग्री रहा था। मौसम में अचानक आए इस बदलाव काे गेहूं की बोआई के लिए काफी अच्छा माना जा रहा है। जिन किसानों ने अभी गेहूं की फसल नहीं लगाई है और बोआई की तैयारी कर रहे हैं उनके खेतों के लिए ये पानी फायदेमंद साबित होगा। हालांकि सरसो की खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। तेज बारिश होने पर सरसो की बाली टूटने की आशंका रहेगी।