Pilibhit Weather Forecast : बारिश से बढ़ी ठंड, मौसम विज्ञानी बोले- किसानो को होगा फायदा
Pilibhit Weather Forecast पीलीभीत में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली। शुक्रवार को धूप खिलने के बाद आधी रात के बाद से बूंदाबांदी शुरू हो गई। तापमान गिरकर 10.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जिससे ठंड के साथ ही गलन बढ़ गई है।
बरेली, जेएनएन। Pilibhit Weather Forecast : पीलीभीत में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली। शुक्रवार को धूप खिलने के बाद आधी रात के बाद से बूंदाबांदी शुरू हो गई। तापमान गिरकर 10.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जिससे ठंड के साथ ही गलन बढ़ गई है। लोग घरों में दुबके रहे। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. शैलेंद्र सिंह ढाका ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.4 व अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा। शनिवार व रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। बीच बीच में हल्की बारिश होते रहने आसार हैं। सोमवार को मौसम साफ होगा लेकिन कोहरा बना रहेगा।
डा ढाका के मुताबिक किसानों के लिए यह मौसम बेहद अनुकूल है। पिछले तीन दिनों से मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन और हल्की बूंदाबांदी से किसानों को इसका काफी फायदा मिला है। जिन किसानों ने गेहूं कि लेट बुवाई की थी और जिन किसानों को दोबारा सिंचाई की जरूरत थी उनके लिए यह बूंदाबांदी फायदेमंद साबित हुई है। बताया कि नौ दिसंबर तक इसी तरह से मौसम रहने की संभावना है। दस दिसम्बर को बादल छा सकते हैं। इन दो दिनों में अगर हल्की बरसात होती है तो गेहूं के साथ गन्ना व सब्जी की फसल को फायदा होगा। बादल रहने से ठंड का प्रकोप कम हुआ है लेकिन मौसम साफ होते हैं ठंड बढ़ जाएगी। अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। अगर ज्यादा बारिश होती है तो नुकसान हो सकता है।
गरज-चमक के साथ हाे रही बारिश
बदायूं : मौसम का मिजाज शनिवार को ज्यादा बिगड़ गया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे। बूंदाबांदी होती रही। पौने दस बजे बादल गरजने लगे। हल्की बारिश शुरू हो गई है। मौसम साफ होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। रविवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत दिख रहे हैं। बारिश होने के बाद भी तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। बारिश से रबी की फसलों को फायदा हुआ है। किसानों को अब सिंचाई करने की जरूरत नहीं है।