Pilibhit Police : पीलीभीत में दारोगा की शर्मनाक हरकत, पीड़िता से किया दुष्कर्म का प्रयास, हुआ निलंबित
Pilibhit Crime News बरेली मंडल के पीलीभीत में एक दारोगा की शर्मनाक हरकत ने खाकी को शर्मसार कर दिया। दारोगा पर मदद की गुहार लगाने वाली विवाहिता को बहाने से अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है।
बरेली, जेएनएन। Pilibhit Crime News : बरेली मंडल के पीलीभीत में एक दारोगा की शर्मनाक हरकत ने खाकी को शर्मसार कर दिया। दारोगा पर मदद की गुहार लगाने वाली विवाहिता को बहाने से अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने जांच कराकर आरोपित दारोगा को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
भाई को छुड़वाने के लिए दी थी तहरीर
पिछले महीने गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहिता ने बरखेड़ा थाने में तहरीर दी थी। जिसमें बताया गया कि उसका मायका उसी थाना क्षेत्र के गांव में है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। उसका एक भाई है, जो मानसिक मंदित है। उसे बीसलपुर में रहने वाली उसकी बड़ी बहन ने जबरन अपने यहां रख लिया है। भाई को छुड़वाया जाए।
पीडिता से करता था फोन पर अश्लील बातें
आरोप है कि थाने के दारोगा रामगोपाल आर्या पीड़िता को रात में फोन करके अश्लील बातें करने लगे। उसने इसका विरोध किया लेकिन, वह फिर भी रात में फोन करते। एक दिन दारोगा ने कहा कि वह आ जाए तो साथ चलकर बीसलपुर से उसके भाई को छुड़वा देंगे। वह विश्वास करके विगत दो फरवरी को आई तो दारोगा उसे अपने साथ बीसलपुर ले गया।
मामले में दोषी पाया गया आरोपित दारोगा
बहाने से दारोगा उसे अपने कमरे में ले गया और छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। पति को घटना की जानकारी देकर बरखेड़ा थाने में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस पर वह एसपी से मिली और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। प्रथम दृष्टया दारोगा को दोषी पाया गया।