पुराने शहर में सड़क नहीं बनने पर लगाया जाम, इंजीनियर को घेरा
पुराना शहर में सड़क निर्माण नहीं होने के कारण मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची नगर निगम के इंजीनियर को घेर लिया। महापौर नगर आयुक्त को फोन घुमा दिए।
बरेली, जेएनएन। पुराना शहर में सड़क निर्माण नहीं होने के कारण मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची नगर निगम के इंजीनियर को घेर लिया। महापौर, नगर आयुक्त को फोन घुमा दिए। सड़क निर्माण के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
जगतपुर-शाहदाना रोड पर कुतुबशाह की मज़ार के पास सड़क काफी जर्जर हो गई है। उस पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जहां बारिश के बाद जलभराव हो गया है। इससे गुस्साएं क्षेत्रवासी मंगलवार दोपहर सड़क पर उतर आए। सड़क निर्माण नहीं होने, जलभराव पर लोगों ने सड़क पर बल्लियां लगाकर बंद कर दिया।
जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। सूचना पर निर्माण विभाग के सहायक अभियंता केके रस्तोगी पहुंचे तो उनका घेराव कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक लोग हंगामा करते रहे। इसके बाद निगम के सहायक अभियंता और पुलिस वहां पहुंची।
पुलिस देखकर लोगों ने नगर निगम मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने सड़क, नाली निर्माण का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। मुख्य अभियंता बीके सिंह के अनुसार लोगों की समस्या को देखते हुए सड़क व नाली निर्माण का एस्टीमेट बनाने को कहा है। बजट होने पर निर्माण कार्य कराया जाएगा।