Panchayat Chunav News : गजब ! प्रधानी चुनाव के लिए दावेदार चुकता कर कर रहे शहर के मकानों का टैक्स, जानिए क्या है वजह
Panchayat Chunav News ग्राम प्रधान बनने का सपना देखने वाले शहर में रह रहे दावेदार इन दिनों शहर के मकानों का कर चुकता करते नजर आ रहे है। वह नगर निगम नगर पालिका परिषदों के चक्कर लगा रहे है।
बरेली, जेएनएन। Panchayat Chunav News : ग्राम प्रधान बनने का सपना देखने वाले शहर में रह रहे दावेदार इन दिनों शहर के मकानों का कर चुकता करते नजर आ रहे है। वह नगर निगम, नगर पालिका परिषदों के चक्कर लगा रहे है। अब आप ये सोच रहे होंगे कि इन दावेदारों को चुनाव तो गांव में लड़ना है तो शहर के मकानों का कर क्यों चुकता कर रहे है। दरअसल में ग्राम प्रधान बनने के लिए दावेदारों को नोड्यूज प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। जो बिना कर चुकाए नहीं बन सकता। इसलिए दावेदार शहर के मकानों का कर चुकता करने में लगे है।
नोड्यूज को लेकर हो रही मारा मारी
चुनाव में दावेदारी करने के लिए नोड्यूज की मांग अचानक बढ़ गई है। जिसके चलते नोड्यूज बनवाने में मारा मारी की स्थिति पैदा हो गई है। एक ओर जहां दावेदार जुगाड़ से नोड्यूज बनवा रहे है वहीं कर्मचारी भी नोड्यूज बनाने के लिए मौके का फायदा उठाने से नहींं चूक रहे है। वो भी दावेदारों से सुविधा शुल्क वसूल रहे है। हालांकि इस मामले में कुछ लोगों ने सुविधा शुल्क मांगने व लेने के वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल किए है। वहीं इस मामले में अधिकारी भी सख्ती बरतने की बात कह रहे है।