Paddy Purchase Center : शासन की सख्ती के बाद नहीं खुल रहे क्रय केंद्र, SDM ने भेजी रिपोर्ट
धान खरीद में शासन द्वारा सख्ती किए जाने के बाद भी कई केंद्र प्रभारी धान क्रय केंद्र खोलने में लापरवाही बरत रहे है। कई जगह धान क्रय केंद्र नहीं खुल रहे है। भदपुरा ब्लाक में निरीक्षण करने निकले एसडीएम को कई धान क्रय केंद्रों के न खुलने की शिकायत मिली।
बरेली, जेएनएन। धान खरीद में शासन द्वारा सख्ती किए जाने के बाद भी कई केंद्र प्रभारी धान क्रय केंद्र खोलने में लापरवाही बरत रहे है। कई जगह धान क्रय केंद्र नहीं खुल रहे है। प्रशासन के सामने यह बात उस समय आई जब भदपुरा ब्लाक में निरीक्षण करने निकले एसडीएम को कई धान क्रय केंद्रों के न खुलने की शिकायत मिली। जिसके बाद एसडीएम ऐसे क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए अपनी रिपोर्ट आला अफसरों को भेज दी है। इस रिपोर्ट में उन्होंने उन केंद्रों को भी शामिल किया है। जिनमें तौल नाम मात्र की हुई है।
शुक्रवार को एसडीएम वेदप्रकाश मिश्रा ने क्योलड़िया, कुलुआ और खजुरिया श्रीराम गांव में धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें पता चला कि क्योलड़िया और कुलुआ गांव में धान क्रय केन्द्र खोला ही नहीं गया है। इसके साथ ही खजुरिया श्रीराम गांव के धान क्रय केन्द्र पर उन्हें धान के चंद दाने बिखरे हुए मिले।
केन्द्र प्रभारी ने एसडीएम को बताया कि अब तक केन्द्र पर 99 क्विंटल धान ही तौला गया है। जिस पर उन्होंने केन्द्र प्रभारी की जमकर फटकार लगायी। इसके साथ ही लावाखेड़ा बद्रीप्रसाद गांव के धान क्रय केन्द्र पर अब तक तौल शुरु नहीं हुई है। इस केन्द्र पर केवल बैनर ही लगा मिला। एसडीएम वेदप्रकाश मिश्रा ने बताया कि लापरवाह धान क्रय केन्द्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की संसुति कर रिपोर्ट भेजी जा रही है।