Corona Update: संक्रमण ने हजार को गिरफ्त में लिया, पांच सौ ने कोरोना को दी मात
जिले में भले ही संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही हो। हर रोज सैकड़ों लोग संक्रमित हो रहे हों। लेकिन दूसरा पहलू हर रोज 50 से अधिक लोगों के स्वस्थ होने का भी है।
बरेली, जेएनएन : जिले में भले ही संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही हो। हर रोज सैकड़ों लोग संक्रमित हो रहे हों। लेकिन दूसरा पहलू हर रोज 50 से अधिक लोगों के स्वस्थ होने का भी है। बीते एक सप्ताह की ही बात करें तो इस दौरान कुल संक्रमितों की संख्या 1400 से बढ़कर 2500 पर पहुंच गई है। वहीं स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा चार सौ से नौ सौ पर पहुंच गया है। इनमें बड़ी संख्या में बिना लक्षण वाले संक्रमित शामिल हैं। वहीं जिन लोगों में लक्षण होते हैं उन्हें सैंपल कराने और रिपोर्ट निगेटिव आने तक इंतजार करना होता है।
संक्रमित मिलने से कम हो जाता औसत
बीते आठ दिनों से संक्रमित मिलने की संख्या अधिक हैं। हर रोज सौ से ऊपर ही संक्रमित मिल रहे हैं। जबकि स्वस्थ होने वाले हर रोज 40-50 ही निकल रहे हैं। दरअसल स्वस्थ होने वाले वह लोग हैं जो पहले से ही संक्रमित थे, जबकि जो हाल में संक्रमित मिले हैं वह अभी स्वस्थ होकर जा नहीं सकते। उन्हें 10 से 14 दिन का आसोलेशन समय पूरा करना होगा।
लक्षण वाले मरीज बढऩे से चिंंता
हाल ही में जो संक्रमित सामने आए इनमें लक्षण वाले मरीज भी बड़ी संख्या में मिले हैं। जिन्हें एल-2 व एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते एक सप्ताह में ऐसे 176 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से चार की मौत भी हो चुकी है।
आठ बच्चे भी हुए स्वस्थ
स्वस्थ होने वालों में आठ बच्चे भी शामिल है। इनमें किला छावनी के रहने वाले एक परिवार के तीन और पांच साल के दो सगे भाई बहन भी हैं। वहीं बड़ा बाजार निवासी दो वर्षीय बालक, भूड़ निवासी आठ वर्षीय बालक भी स्वस्थ हो कर घर पहुंच गया है। वहीं बिहारीपुर करोलान के एक ही परिवार के तीन बच्चे भी स्वस्थ हुए हैं।
चिकित्सकों की बात
वर्तमान हालात बहुत अधिक सतर्कता बरतने वाले हैं। ऐसे में जितना कम हो सके बाहर निकलने से बचें। चेहरे पर मास्क और बात करते समय पांच फिट की दूरी जरूरी है। - डा. वागीश वैश्य
संक्रमण से बचाव के लिए तीन सावधानियां हमेशा जरूरी है। चेहरे पर मास्क, पांच फिट की दूरी ओर समय समय पर हाथ धोना। बाजार से वापस आकर बच्चे और बुजुर्गों से दूरी भी रखें। - डाॅ. सुदीप सरन
यह संक्रमण का पीक समय चल रहा है। इस समय किसी के भी साथ 15 मिनट से अधिक का समय और दो फिट से कम की दूरी खतरनाक हो सकती है। स्वस्थ होने के बाद लोग सात दिन होम क्वारंटाइन जरूर रहें। - डाॅ. विनीत कुमार शुक्ला, सीएमओ