पीलीभीत में गांव पहुंचे नोडल अधिकारी, परखी सफाई व्यवस्था
श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा ने ललौरीखेड़ा व माधोटांडा में भ्रमण करते हुए संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता अभियान के तहत सफाई व्यवस्था को परखा।
पीलीभीत, जेएनएन। शासन से नामित जिले के नोडल अधिकारी, श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा ने ललौरीखेड़ा व माधोटांडा में भ्रमण करते हुए संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता अभियान के तहत सफाई व्यवस्था को परखा। गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने पूरनपुर नगर में भ्रमण करते हुए सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता एवं कोविड-19 से संबंधित जानकारी लेने के साथ ही कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उधर, पुलिस के नोडल अधिकारी, बरेली रेंज के डीआइजी राजेश कुमार पांडेय ने शहर में भ्रमण करते हुए साप्ताहिक बंदी के दौरान कोविड--19 के प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन कराने के निर्देश जिले के पुलिस अधिकारियों को दिए।