फॉगिंग के साथ नगर निगम ने शहर में कराया सैनिटाइजेशन
कोरोना से जंग जीतने के लिए अब नगर निगम ने भी कमर कस ली है। तीन दिन बंद के दौरान शहर के हॉटस्पॉट बाजार गलियां सड़कों और कार्यालयों को सैनिटाइज्ड किया जाएगा। साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
बरेली, जेएनएन : कोरोना से जंग जीतने के लिए अब नगर निगम ने भी कमर कस ली है। तीन दिन बंद के दौरान शहर के हॉटस्पॉट, बाजार, गलियां, सड़कों और कार्यालयों को सैनिटाइज्ड किया जाएगा। साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए शुक्रवार को नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने हरी झंडी दिखाकर गाड़ियों को रवाना किया। तीन दिन बंद का उपयोग करने के लिए नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान की शुक्रवार से शुरूआत कर दी। फायर बिग्रेड की 16 बड़ी और 35 छोटी गाड़ियों से सैनिटाइजर का छिड़काव शुरू हुआ। नाले-नालियों में एंटीलार्वा का छिड़काव भी हो रहा। शुक्रवार को 2450 कर्मचारी सफाई व्यवस्था में लगे। इन्होंने 480 टन कचरा निकाला। नोडल अधिकारी ने लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं मलेरिया से भी निपटने के लिए शुक्रवार शाम फॉगिग करने वाली 15 मशीनों को वार्डों में भेजा गया।
---------
- नोडल अधिकारी के सामने स्मार्ट सिटी का प्रजेंटेशन
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन भी नोडल अधिकारी नवनीत सहगल के सामने किया गया। नगर आयुक्त ने करीब सौ करोड़ की लागत से 27 हजार वर्गमीटर जमीन पर अर्बन हाट की प्लानिंग दिखाई। बताया कि यह शहर का मुख्य आर्थिक गतिविधियों वाला केंद्र होगा। यहां शॉपिग कांपलेक्स, दुकानें, रेस्टोरेंट, इंटरटेनमेंट कोर्ट होगा। नोडल अधिकारी ने बची जमीन पर दूसरे प्रोजेक्ट का भी सुझाव दिया। ------
- आइवीआरआइ लैब में टेस्ट क्षमता 1000 तक बढ़ाएं
आइवीआरआइ लैब में संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की क्षमता बढ़ाकर एक हजार तक लेकर जानी है। मौजूदा समय में संदिग्धों के नमूनों की जांच 300 सैंपल तक पहुंची है। आइवीआरआइ निदेशक राजकुमार सिंह से नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने कहा कि आपको जितना सहयोग चाहिए, हम देने को तैयार हैं।