Nagar Nigam Action : बरेली के इस प्लाजा पर लाखों का था बकाया, नगर निगम ने सुबह-सुबह कर दी कार्रवाई
Bareilly Nagar Nigam Action रोहली टोला मुहल्ले में नगर निगम की टीम ने सुबह-सुबह करीब 30 लाख रुपये टैक्स बकाएदार होने पर एक प्लाजा से संबंधित दुकानदारों के प्रतिष्ठान सील कर दिए। व्यापारियों ने नगर आयुक्त के पास जाकर विरोध जताया।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Nagar Nigam Action : रोहली टोला मुहल्ले में नगर निगम की टीम ने सुबह-सुबह करीब 30 लाख रुपये टैक्स बकाएदार होने पर एक प्लाजा से संबंधित दुकानदारों के प्रतिष्ठान सील कर दिए। व्यापारियों ने नगर आयुक्त के पास जाकर विरोध जताया लेकिन बिना टैक्स जमा किए सील हटाने से मना कर दिया गया।
दरअसल रोहली टोला मुहल्ले में बने अम्बे प्लाजा में कई दुकानों का टैक्स लंबे समय से बकाया है। टैक्स की कुल बाकी रकम करीब 30 लाख रुपये है। कई बार नोटिस देने का बावजूद यहां बकाया टैक्स राशि जमा नहीं हुई थी। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम अम्बा प्लाजा पहुंची। इस दौरान बाजार की सभी दुकानें बंद थी। टीम ने जिन-जिन दुकानदारों का टैक्स बकाया था, उनकी दुकानों पर सील लगा दी। जब सुबह नियत समय पर व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो यहां सील लगी देखी। इस पर दुकानदार विरोध करते हुए नगर निगम पहुंचे।
50 फीसद रकम जमा करने पर ही खुलेंगी दुकानें
नगर निगम पहुंचने के बाद व्यापारी नगर आयुक्त से शिकायत करने पहुंचे। हालांकि नगर आयुक्त नहीं मिलने पर सभी अपर नगर आयुक्त से मिले। अपर नगर आयुक्त ने दुकानदारों से साफ कहा कि करीब आधा टैक्स जमा करने पर ही दुकानों पर लगी सील हटाई जाएगी।
व्यापारी बोले-रकम बड़ी, मिले कुछ समय
उधर अम्बे प्लाजा के दुकानदारों का कहना है कि टैक्स की बकाया रकम आधी भी जमा करें तो भी 15 लाख रुपये तक देने होंगे। इतनी बड़ी रकम देने में कुछ समय लगेगा, ऐसे में दुकानें बंद होने से परेशानी और बढ़ेगी ही।
लंबे समय से टैक्स बकाएदारों के यहां ही सीलिंग की कार्रवाई हो रही है। शहर की व्यवस्था सुचारू रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई चलती रहेंगी।- विवेक त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त , नगर निगम