धर्मशाला में ठहरी एमपी की चार महिलाओं को मुजफ्फरनगर क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर जिले की क्राइम ब्रांच शहर की एक धर्मशाला में रुकीं मध्य प्रदेश की चार महिलाओं को अपने साथ ले गई। उन पर क्या आरोप थे। यह कार्रवाई क्यों हुई इस बारे में थाना प्रभारी से लेकर सीओ सिटी तक को कुछ नहीं पता।
शाहजहांपुर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर जिले की क्राइम ब्रांच शहर की एक धर्मशाला में रुकीं मध्य प्रदेश की चार महिलाओं को अपने साथ ले गई। उन पर क्या आरोप थे। यह कार्रवाई क्यों हुई इस बारे में थाना प्रभारी से लेकर सीओ सिटी तक को कुछ नहीं पता। एएसपी सिटी संजय कुमार भी कुछ ज्यादा नहीं बता सके। सदर थाना क्षेत्र के खिरनीबाग स्थित एक धर्मशाला में बुधवार को नौ महिलाएं रुकने आई थीं। स्वयं को मप्र के राजगढ़ जिले का निवासी बताया।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मुजफ्फरनगर जिले की क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से धर्मशाला पर छापा मारा और वहां रुकीं महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पांचों से काफी देर पूछताछ की। उसके बाद पांच महिलाओं से उनके आधार लिए और उन्हें छोड़ दिया, लेकिन चार को टीम अपने साथ ले गई। इस पूरी कार्रवाई की सदर बाजार पुलिस का भनक तक नहीं लगी। टीम के जाने के बाद प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने कचहरी चौकी प्रभारी अवधेश सिंह को मौके पर भेजा, जो औपचारिकता करके वापस हो गए।
क्राइम ब्रांच ने कब और किस मामले में छापा मारा यह नहीं पता है। जो जानकारी मिली है। उसके मुताबिक ये महिलाएं गैंग बनाकर लोगों के पर्स चोरी करती हैं। शायद उसी मामले में पुलिस ले गई होगी। इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकते। संजय कुमार, एएसपी सिटी