Murder : बदायूं में छत पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या
उत्तर प्रदेश के बदायूं में छत पर सो रहे किसान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हाे गए। बदमाशों ने किसान के घर की छत पर चढकर वारदात को अंजाम दिया।
बदायूं, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बदायूं में छत पर सो रहे किसान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हाे गए। बदमाशों ने किसान के घर की छत पर चढकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पुलिस ने मामले में अपनी पड़ताल शुरु कर दी है।
घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के कलोरा गांव में घटी। बरेली फरीदपुर के गांव पचौनी निवासी रामौतार ने कुछ समय पहले कलोरा गांव में जमीन खरीदी थी जिसके बाद वहां घर भी बनवा लिया। तभी से वह अपने परिवार के साथ गांव में ही रह रहा था। परिजनों के अनुसार रात में खाना खाने के बाद रोज की तरह राम औतार छत पर सोने चला गया। देर रात करीब 12 बजे अज्ञात बदमाश उसके मकान की छत पर चढ़ गए।
जिसके बाद उन्होेंने छत पर सो रहे राम औतार पर फायर कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर गोली चलने की आवाज से ग्रामीण जाग गए। जब तक वह घटनास्थल पहुंचे तब तक बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। इस मामले में एसएचओ अजीत सिंह ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने जल्द ही वर्कआउट होने की उम्मीद भी जताई है।